बदायूं। लॉकडाउन के चलते जिले में रुके विकास कार्यों को अब धीरे-धीरे चालू किया जा रहा है। सरकार ने दोबारा इन कार्यों को चालू करने के निर्देश दिए हैं। निर्देश मिलने के बाद अब बाईपास पर सोत नदी के पुल का निर्माण जहां शुरू हो चुका है। वहीं, मेडिकल कॉलेज में भी निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी चल रही है। इसके अलावा बदायूं-मेरठ मार्ग पर भी काम शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि यदि कोरोना को लेकर यूं ही हालात में सुधार जारी रहा तो जल्द ही जनपद के सभी विकासकार्य पटरी पर आते दिखाई देंगे।
गौरतलब है कि कोविड-19 को लेकर लगे लॉकडाउन ने सभी निर्माण कार्यों पर ब्रेक लगा दी थी। अब लॉकडाउन-4 के दौरान सरकार ने शर्तों के साथ छूट देनी शुरू की तो लगा कि जल्द ही जिंदगी दोबारा पटरी पर लौटेगी। जो श्रमिक घरों में काम के अभाव में परेशान बैठे थे, अब उन्हें काम भी मुहैया कराया जाने लगा है। डीएम कुमार प्रशांत ने भी जनपद में मनरेगा मजदूरों द्वारा तालाब खुदाई, हाईवे के चौड़ीकरण, बाईपास पर पुल निर्माण समेत तमाम काम शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। हालांकि इन निर्देशों का जमीनी स्तर पर कितना पालन हो पाता है, यह देखने वाली बात होगी। जिला प्रशासन का सीधा फोकस जल संचयन पर भी है। जनपद में 890 चिह्नित तालाबों में से 284 तालाबों पर काम शुरू करने का दावा किया जा रहा है।
बदायूं-मेरठ हाईवे पर काम में आई तेजी
लोक निर्माण विभाग द्वारा बदायूं-मेरठ हाईवे पर 316 करोड़ की लागत से चौड़ीकरण का काम चल रहा है। लॉकडाउन की वजह से काफी दिनों से यह काम पूरी तरह से ठप पड़ा था। जब शासन से निर्माण कार्य शुरू करने की अनुमति मिली तो विभागीय अधिकारियों ने ठेकेदारों से संपर्क कर इस पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता हेमंत सिंह ने बताया कि चौड़ीकरण का काम शुरू हो गया है। जल्दी ही इसमें तेजी भी लाई जाएगी।
बदायूं बाईपास पर पुल निर्माण
बड़े वाहनों के शहर में प्रवेश करने पर जाम की स्थिति को देखते हुए बदायूं-बरेली रोड को जोड़ने के लिए बाईपास बनाया गया। जो पूरा तैयार है लेकिन बीच में एक जगह से सोतनदी होकर निकलती है। ऐसे में इस नदी पर पुल का निर्माण होना है। बजट के अभाव में पहले यह कार्य अटक गया। पर नए बजट में शासन की ओर से इसके लिए करीब 16 करोड़ का बजट पास किया गया जिसके बाद इस पर काम शुरू हुआ। हालांकि तभी लॉकडाउन लग गया जिसके चलते इस पर काम थम गया। अब दोबारा यहां काम शुरू किया गया है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज
646 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाला राजकीय मेडिकल कॉलेज लॉकडाउन के चलते रुक गया था। जब जिला प्रशासन ने काम दोबारा शुरू करने की अनुमति दी तो यहां काम शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि अभी यहां निर्माण शुरू नहीं हुआ है। पर माल जुटाने से लेकर अन्य छोटे-छोटे कार्यों को शुरू कर दिया गया है।
कलक्ट्रेट भवन
कलक्ट्रेट में आठ करोड़ 85 लाख की लागत से भवन निर्माण का कार्य भी जल्द शुरू होने वाला है। हालांकि यहां का काफी हिस्सा बन चुका है। जिला प्रशासन की अनुमति के बाद में शेष भाग भी जल्द पूरा करने की तैयारी है।
जो भी काम बंद थे, उन्हें दोबारा शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी जगहों पर सामाजिक दूरी का पालन करना अनिवार्य होगा। इसके लिए दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। - कुमार प्रशांत, डीएम