बदायूं। हजरतपुर थाना क्षेत्र का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक व्यक्ति खुलेआम जान से मारने की धमकी देता नजर आ रहा है। वह कह रहा है कि आज तुझे घर में घुसकर मार दूंगा। देखता हूं पुलिस क्या कर लेगी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव कोड़ा जयकरन का है। बाइक पर बैठकर जान से मारने की धमकी देने वाला व्यक्ति मदनपाल है। उसके खिलाफ मारपीट के दो-तीन मुकदमे भी दर्ज हैं। वह बाइक पर बैठा-बैठा एक व्यक्ति को जान से मारने की धमकी दे रहा है। वह कह रहा है कि तूने उस दिन मेरे घर के सामने गालीगलौज क्यों की। अब तुझे उसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। अब वह तुझे घर में घुसकर जान से मार देगा। उसके परिवार का कोई भी व्यक्ति खेत पर तो आएगा। वह उन्हें वहां देख लेगा।
वीडियाे मंगलवार का बताया जा रहा है। इसके वायरल होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। एसओ विक्रम सिंह ने बताया कि 14 जुलाई को ही आरोपी मदनपाल, राजवीर और मोतू के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। उन्होंने गांव के सुरेश के साथ मारपीट कर दी थी। जिस पर सुरेश ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मारपीट के बाद मदनपाल पक्ष की दो महिलाएं भी थाने गईं थीं, लेकिन बाद में कोई तहरीर देने नहीं आया था। एसओ ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद मामले में धाराओं की बढ़ोतरी कर दी जाएगी।