बदायूं। आरिफपुर नवादा (सिविल लाइंस) में एक महिला ने पति और ससुरालीजनों पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पति को दूसरी महिला के साथ पकड़ने पर चार लोगों ने मिलकर उस पर मिट्टी का तेल डाल दिया।
नेहा नाम की पीड़िता ने बताया कि 18 सितंबर की सुबह करीब छह बजे वह अचानक घर पहुंची तो पति सालिम एक महिला के साथ कमरे में मौजूद था। विरोध करने पर पति और महिला ने गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद महिक, सबीहा और शमीम बानो भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर उस पर मिट्टी का तेल उड़ेल दिया। नेहा ने कहा कि शोर सुनकर उसकी मां सबीना और बच्चे पहुंचे तो किसी तरह उसकी जान बच सकी। महिला का कहना है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और सट्टे के कारोबार में भी शामिल रहते हैं। पहले भी उसने नवादा चौकी में शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह के आदेश के बाद पुलिस ने सालिम समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।