उझानी में अढौली फाटक के पास जाम में फंसे वाहन के पास से निकलते राहगीर। संवाद
उझानी। अढ़ौली रेल फाटक के पास मक्का लदी ट्रैक्टर-ट्राॅलियों और ट्रकों के सड़क की दोनों लेन पर कब्जा कर लेने से कादरचौक रोड पर रविवार दोपहर तक दो बार जाम लगा। ऐसे में राहगीरों और मक्का लदे वाहनों के चालकों के बीच नोकझोंक भी हुई।
रेलवे की रैक प्वाइंट पर रविवार सुबह मालगाड़ी में मक्का की लोडिंग शुरू होने से पहले ही ट्रकों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कादरचौक रोड पर कतार लग गई। धर्मकांटे से लेकर गांव फतेहपुर तक सड़क की दोनों लेन पर मक्का लदे वाहनों के अलावा कुछ और नजर नहीं आया। एक लेन पर ट्रक तो दूसरी लेन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों ने घेर ली।
नरऊ निवासी हरिओम ने बताया कि ऐसे में साइकिल सवार भी भी नहीं निकल पाए। उन्हें भी पैदल ही नाले के किनारे होकर फाटक तक पहुंचना पड़ा।
फाटक के आसपास के लोगों ने बताया कि सुबह लगा जाम करीब एक घंटे के बाद खुल गया, लेकिन पूर्वाह्न में लगा जाम दोपहर 12 बजे तक लगा रहा। इस दौरान बाइक सवार युवकों की मक्का लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक से काफी कहासुनी भी हुई। बता दें कि अढ़ौली फाटक के पास दो सप्ताह में करीब पांच बार जाम लग चुका है।
फोटो-08
ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से महंत का हाथ टूटा
उझानी में अढ़ौली फाटक के पास मक्का लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने खिरिया वाकरपुर मंदिर के महंत श्याम दास (60) को चपेट में ले लिया। ट्रैक्टर का लैगगार्ड लगते ही वह नाले की साइड में गिर गए। बाद में उनका बदायूं के अस्पताल में इलाज कराया गया। खिरिया निवासी उमेश यादव ने बताया कि उनका एक हाथ टूट गया है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया।
उझानी में अढौली फाटक के पास जाम में फंसे वाहन के पास से निकलते राहगीर। संवाद