बदायूं। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के लिए शुक्रवार रात से ही अभ्यर्थियों की भीड़ शहर में उमड़ पड़ी। जनपद में अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने के लिए दूर-दराज से आए परीक्षार्थियों को रात में ठहरने के लिए जगह तलाशनी पड़ी। तमाम छात्रों ने रेलवे स्टेशन पर ही रात गुजारी। शहर के सभी होटल और लॉज पहले से बुक थे। देर रात पहुंचे कई अभ्यर्थी बेबस हो गए। मजबूर होकर उन्होंने रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डे में ही डेरा डाल लिया। किसी ने बेंच पर तो किसी ने फर्श पर लेटकर रात काटी। कई अभ्यर्थी अपने बैग को ही तकिया बनाकर सोते नजर आए।
वहीं शनिवार सुबह परीक्षा की पहली पाली के लिए अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचना था। इस दौरान रोडवेज निगम ने विशेष इंतजाम किए। सभी प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाई गईं। सुबह से ही बस अड्डों पर भीड़ रही, लेकिन समय पर बसें मिलने से अभ्यर्थियों को अपेक्षित राहत मिली।
एआरए राजेश कुमार पाठक ने बताया कि बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस सेवाएं बढ़ाई गईं थीं। परीक्षा केंद्रों व गंतव्य तक पहुंचने में किसी अभ्यर्थी को परेशानी नहीं हुई। वहीं, कई परीक्षार्थियों ने कहा कि परिवहन व्यवस्था सही रही, लेकिन रात में ठहरने की समस्या सबसे बड़ी रही।
दिन भर जाम से जूझा शहर
परीक्षा देने के लिए हाथरस, बरेली, रायबरेली, कासगंज आदि जिलों के परीक्षार्थी यहां पहुंचे हैं। परीक्षार्थियों की भीड़ का आलम यह रहा कि शनिवार को दोपहर में शहर के भामाशाह चौराहा, भामाशाह चौराहा, परशुराम चौराहा, दातागंज चौराहा, सुभाष चौक, इंदिरा चौक, जेल तिराहा, कचहरी तिराहा आदि जगहों पर लगे जाम से राहगीरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।