धरना प्रदर्शन कर महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ने दिया ज्ञापन
अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर दूसरे दिन भी आंगनबाड़ी वर्कर आंदोलित रहीं। हिंद मजदूर सभा से जुड़े संगठन महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की बड़ी तादाद में आंगनबाड़ी वर्कर मालवीय आवास पर दूसरे दिन भी धरना प्रदर्शन में शामिल हुईं। जिलाध्यक्ष मिथलेश कुमारी ने कहा है कि कुल मिलने वाले मानदेय तीन हजार रुपये में प्रदेश सरकार का अपने हिस्से का करीब 8.30 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मिलता है। उन्होंने आंगनबाड़ी वर्करों का पक्ष रखते हुए कहा कि 10 रुपये से कम भिखारी भी नहीं लेता है। अगर, प्रदेश सरकार चाहे तो वह प्रदेश सरकार की रकम छोड़ देंगी। प्रदेश सरकार इस रकम से अपना खजाना भर ले।
आंगनबाड़ी वर्करों ने मांग रखी कि हौसला पोषण योजना का काम और लेखा जोखा आंगनबाड़ी वर्कर करेगी और पैसा प्रधान के खाते में जाए तो कैसे चलेगी योजना। उन्होंने साफ किया कि आंगनबाड़ी वर्कर निर्वाचन आयोग का काम और स्वास्थ्य विभाग का काम नहीं करेगी। आंगनबाड़ी वर्करों ने ऐलान किया कि जबतक उनकी मांगे पूरी नहीं हो जातीं तबतक वे आंदोलन पर रहेंगी। इस संबंध में उन्होंने बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को दिया।
इधर, अभा आंगनबाड़ी कर्मचारी महासभा ने भी दावा किया है कि कलम बंद करके हड़ताल जारी रखे हुए हैं। दूसरे दिन इनकी महासभा में प्रवेश कुमारी, ममता शर्मा, मिथलेश, ममता रानी, शारदा मौर्य, एकता, धारावती, साधना, राधा शर्मा, संगीता आदि मौजूद रहीं।