उझानी (बदायूं)। आगरा से लौटने पर होम क्वारंटीन किए गए एक छात्र की बृहस्पतिवार सुबह अचानक हालत बिगड़ गई। परिजन की सूचना पर पहुंचे उझानी सीएचसी के चिकित्साधीक्षक ने छात्र का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
उझानी क्षेत्र के गांव गठौना निवासी एक छात्र आगरा के दयाल बाग कॉलेज में बीएससी में पढ़ता है। वह आगरा से सात मार्च को अपने घर लौटा था। इसका पता लगने पर चिकित्साधीक्षक सुयश दीक्षित ने छात्र को होम क्वारंटीन कर दिया था। बृहस्पतिवार सुबह अचानक छात्र की तबियत बिगड़ गई। परिजन की सूचना पर चिकित्साधीक्षक ने जाकर छात्र का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्होंने बताया कि छात्र बुखार, जुकाम और खांसी से पीड़ित है। उसे दो दिन निगरानी में रखा जाएगा। अगर उसकी सेहत में सुधार नहीं हुआ तो ब्लड सैंपल लेकर जांच को भेजा जाएगा।
तेलंगाना से लौटे दो युवक क्वारंटीन
उझानी। यहां कस्बे के पठानटोला मोहल्ला निवासी दो युवक तेलंगाना की एक ब्रेकरी में काम करते हैं। बुधवार को दोनों तेलंगाना से किसी तरह लौटकर अपने घर पहुंच गए। इसका पता लगने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों को होम क्वारंटीन कर दिया। हालांकि दोनों की हालत ठीक है। प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान कोरोना का कोई लक्षण नहीं पाया गया। संवाद