डरेला गांव में जली होली देखते ग्रामीण। संवाद
आसफपुर। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के एक गांव में असामाजिक तत्वों ने होली में समय से पूर्व ही आग लगा दी। इससे गांव में तनाव फैल गया। एकत्रित ग्रामीणों ने घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर खुराफातियों पर कार्रवाई की मांग की है। इधर, पुलिस ने दोबारा हाेली रखने की बात कही है।वहीं एक आरोपी से पूछताछ जारी है।
थाना क्षेत्र के गांव डरेला में अन्य गांवों की भांति होली रखी गई है। लोग उत्साह के साथ प्रतिदिन होली पर लकड़ी व उपले आदि डालकर होली बढ़ाने में लगे हुए हैं। शुक्रवार की रात गांव डरेला में रखी होली को किसी खुराफाती ने आग लगा दी। होलिका दहन से पूर्व होली जली तो लोग इकट्ठे हो गए और विरोध जताने लगे।
गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। गांव के कुछ संभ्रांत लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इंस्पेक्टर मनोज वर्मा ने बताया कि होली में आग लगा देना गंभीर मामला है। इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, उससे पूछताछ जारी है।