कैश न मिलने से गुस्साए लोग, हाईवे जाम किया
घंटों लाइन में लगे रहने के बाद भी जब कैश नहीं मिला तो लोगों का गुस्सा फूट गया। गुस्साए लोगों ने बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे सैकड़ों वाहन हाईवे पर फंस गए। लोगों को समझा बुझाकर पुलिस करीब एक घंटे के बाद जाम खुलवा सकी। इसके बाद यातायात सामान्य हुआ।
वजीरगंज स्थित सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के ग्राहकों को कई दिन से कैश नहीं मिल रहा। लोग आते हैं और घंटों लाइन में खड़े होने के बाद मायूस होकर लौट जाते हैं। शनिवार को भी सैकड़ों लोग कैश लेने बैंक पहुंचे थे। घंटों खड़े रहने के बाद भी इनको कैश नहीं मिला। बैंक प्रबंधन से बात करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। कभी कहा गया कि कुछ देर में कैश बंटेगा तो कभी कैश न होने की बात कह दी गई। इससे लोग भड़क गए। सैकड़ों लोग बैंक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हाईवे पर आ गए। यहां जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसओ एनके सिंह ने किसी तरह से जाम खुलवाया। बाद में उन्होंने शाखा प्रबंधक से बात की। वहां से कहा गया कि सोमवार को कैश बांटा जाएगा। भरोसा मिलने के बाद लोग यहां से लौट गए।
पंप पर एटीएम स्वाइप कर बांटा कैश
उसहैत। कस्बे के पेट्रोल पंप स्वामी गौरव गुप्ता ने अपने दो पेट्रोल पंप पर एटीएम कार्ड स्वाइप कर कैश वितरण की सुविधा शुरू कर दी है। शनिवार को सैकड़ों लोगों ने इसका लाभ उठाया। कस्बे के तमाम बैंक कैशलेस हो चुके हैं। ऐसे में नगदी के लिए लोग पेट्रोल पंप पर पहुंच रहे हैं।