दीपावली को लेकर बाजार में बिकती झालर। संवाद
बदायूं। धनतेरस और दीपावली पर्व के नजदीक आते ही बाजार में रौनक छा गई है। घंटाघर, सराफा बाजार, छह सड़का बाजार, घास मंडी, पुराना बाजार और नया बाजार में ग्राहकों की चहल-पहल रही। दुकानों के साथ-साथ सड़कों किनारे अस्थायी ठेलों पर भी दिवाली की सजावट का सामान बिकने लगा है। बाजार में चायनीज के साथ स्वदेशी झालर की लोग खरीदारी कर रहे हैं।
झालरों की मांग इतनी बढ़ गई है कि कई दुकानों पर स्टॉक खत्म होने लगा है। दुकानदारों ने बताया कि झालरें 100 रुपये से शुरू होकर डिजाइन और लंबाई के अनुसार 500 रुपये तक मिल रही हैं। मटकी, तितली, दीपक, सितारा और दिल के आकार वाली झालरें ग्राहकों की पहली पसंद बनी हुई हैं। दुकानदार ओमेंद्र ने बताया कि इस बार बाजार में एलईडी मल्टीकलर झालरों की सबसे ज्यादा बिक्री हो रही है। ग्राहक घरों के साथ दुकानों को भी इन्हीं से सजा रहे हैं। वहीं आर्टिफिशियल फूलों की झालरें भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं। झालरों के साथ-साथ लक्ष्मी-गणेश की आकृतियों वाले स्टीकर, रंगोली के सांचे और सजावट की थालियां भी खूब बिक रही हैं। दुकानदार श्याम कुमार के अनुसार, रंगोली सांचे 40 रुपये से शुरू हैं और लोग घरों की चौखट व आंगन सजाने के लिए खूब खरीदारी कर रहे हैं। दोपहर बाद बाजारों में इतनी भीड़ हो जाती है कि मुख्य मार्गों पर निकलना मुश्किल हो जाता है। दुकानों पर ग्राहकों के साथ छोटे बच्चों की भी खासी हलचल दिखाई दे रही है।