इसी जगह पर होना है ऑडिटोरियम का निर्माण
बदायूं। दातागंज नगर में प्रस्तावित आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य पर हाईटेंशन विद्युत लाइन बड़ी बाधा बन गई है। लगभग 11.08 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जाने वाले इस ऑडिटोरियम का कार्य अभी तक शुरू नहीं हो सका है। कारण यह है कि जिस स्थल पर ऑडिटोरियम का निर्माण प्रस्तावित है, उसके ठीक ऊपर से 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन गुजर रही है, जिसे अब तक हटाया या शिफ्ट नहीं किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जून 2025 में स्वीकृति मिल चुकी थी। इसके साथ ही शासन स्तर से लगभग दो करोड़ रुपये की प्रारंभिक धनराशि भी अवमुक्त कर दी गई थी, ताकि समय रहते निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके। बावजूद इसके, तकनीकी अड़चन के चलते अब तक मौके पर एक ईंट भी नहीं रखी जा सकी है।
बताया जा रहा है कि निर्माण स्थल के ऊपर से गुजर रही 11 केवी लाइन न केवल निर्माण कार्य में सीधी बाधा है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी अत्यंत खतरनाक है। मानकों के अनुसार इतनी उच्च वोल्टेज लाइन के नीचे किसी भी स्थायी भवन का निर्माण नहीं किया जा सकता। ऐसे में जब तक लाइन को दूसरी जगह शिफ्ट नहीं किया जाता या भूमिगत नहीं किया जाता, तब तक कार्य शुरू होना संभव नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऑडिटोरियम बनने से दातागंज क्षेत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, शैक्षिक आयोजनों, सरकारी बैठकों और सामाजिक गतिविधियों को एक आधुनिक मंच मिलेगा। सूत्रों के मुताबिक संबंधित विभागों के बीच विद्युत लाइन हटाने को लेकर पत्राचार तो हुआ है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। निर्माण एजेंसी भी लाइन शिफ्ट होने का इंतजार कर रही है। हालांकि जहां पर ऑडिटोरियम बनना है वहां लगे यूकेलिप्टस के पेड़ को काटने का काम किया जा रहा है। और जल्द ही बिजली लाइन हटाने की भी उम्मीद है।
-
जिस स्थान पर ऑडिटोरियम बनना है वहां पर लगे पेड़ कटवाने का काम हो रहा है। बिजली की एचटी लाइन को भी वहां से हटाने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही ऑडिटोरियम निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।
धर्मेद्र कुमार सिंह, एसडीएम, दातागंज