बदायूं। कोरोना टीकाकरण को लेकर स्थानीय स्तर पर काफी हद तक स्थिति साफ हो गई है। 22 जनवरी को टीकाकरण के लिए अब स्थिति साफ हो गई है। माइक्रोप्लान में बदलाव करते हुए जिले में टीकाकरण के लिए 12 स्थानों का चयन किया गया है। मगर, अभी जिला महिला अस्पताल को टीकाकरण केंद्र की सूची से बाहर किया गया है। उनकी सूची बुधवार तक जारी हो जाएगी।
जिले में 16 जनवरी को पांच स्थानों पर कोरोना का टीकाकरण किया गया था। इनमें जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, राजकीय मेडिकल कॉलेज, बिसौली और सैदपुर सीएचसी शामिल थे। कुल 369 लोगों को टीका लगाया गया था। अब इन सभी लोगों को दूसरा टीका एक महीने बाद 15 फरवरी को दिया जाएगा। टीकाकरण के लिए सोमवार और शुक्रवार का दिन निर्धारित किया गया है। पहले चरण में निजी और सरकारी क्षेत्र के स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया जा रहा है। 16 जनवरी को जो स्वास्थ्य कर्मी टीकाकरण से छूट गए थे उनको लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। शासन ने स्थानीय स्तर पर माइक्रोप्लान तैयार कर टीकाकरण की अनुमति दी थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्लान तैयार कर लिया है।
अब तक कहा जा रहा था कि टीकाकरण केंद्रों की संख्या पांच से बढ़कर दस हो सकती है, लेकिन अब साफ हो गया है कि 22 जनवरी को 12 स्थानों पर टीकाकरण किया जाएगा। हालांकि, इनमें जिला महिला अस्पताल शामिल नहीं होगा।
स्थानीय स्तर पर वैक्सीन की उपलब्धता, आबादी और संसाधनों को देखते हुए तैयारी की गई है। 22 जनवरी को बिल्सी, आसफपुर, दहगवां, दातागंज और उझानी ब्लॉक को टीकाकरण की सूची से बाहर रखा गया है। बाकी सभी ब्लॉक में टीकाकरण किया जाएगा। हालांकि, जिले में 18 स्थानों का टीकाकरण केंद्र के रूप में चयन किया गया है। इसके लिए 36 प्रशिक्षित टीमें भी तैयार हैं। अधिकारियों का कहना है कि 22 जनवरी के बाद केंद्रों की संख्या में और इजाफा करने पर विचार किया जाएगा।
स्थानीय स्तर पर वैक्सीन की उपलब्धता, कर्मचारियों की संख्या आदि को देखते हुए माइक्रो प्लान तैयार किया गया है। 22 जनवरी को जिले में 12 स्थानों पर टीकाकरण किया जाएगा। जिला महिला अस्पताल को इस चरण में टीकाकरण केंद्र की सूची से बाहर किया गया है। इसके अलावा शासन स्तर से जो भी दिशा-निर्देश मिलेंगे उसके अनुसार काम किया जाएगा। - डॉ. अमित रस्तोगी, डीआईओ/नोडल अधिकारी टीकाकरण