बदायूं। माघ पूर्णिमा के अवसर पर शनिवार शाम आठ बजे से रविवार रात दस बजे तक बरेली-मथुरा हाईवे स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज चौराहे से भारी एवं लोडर वाहनों की नो एंट्री रहेगी। यहां से वाहन चालकों को रूट डायवर्जन का पालन करना होगा। इसके लिए अधिकारियों ने रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। इससे कछला के भागीरथ घाट पर जुटने वाले श्रद्धालुओं को जाम से नहीं जूझना होगा।
एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह ने बताया कि प्रत्येक रूट डायर्वजन मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है। इसके अलावा संबंधित थानों का पुलिस फोर्स लगाया गया है। वहीं, भागीरथ घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से पुलिस फोर्स एवं पीएसी बल की तैनाती की गई है।
यह रहेगा डायवर्जन प्लान
-बदायूं से अलीगढ़, मथुरा राजस्थान की ओर जाने वाले भारी एवं लोडर वाहन उझानी से मुजरिया चौराहा, सहसवान, जरीफनगर, गुन्नौर, बबराला होकर जाएंगे।
- बदायूं से कासगंज, एटा, आगरा की ओर जाने वाले भारी एवं लोडर वाहन बदायूं से नौशेरा, कादरचौक, गंजडुडवारा, सहावर होकर जाएंगे।
- मुजरिया चौराहे से कोई भी भारी समेत लोडर वाहन कासगंज की ओर नहीं जाएगा।
- कछला रोड सहसवान से कोई भी भारी एवं लोडर वाहन कछला होकर कासगंज की ओर नहीं जाएगा।
- माघ पूर्णिमा गंगा स्नान को जाने वाले वाहनों पर किसी तरह का प्रतिबंध लागू नहीं होगा।
डायवर्जन के स्थान
- राजकीय मेडीकल कॉलेज तिराहा पर पुलिस की मौजूदगी में वाहनों का डायवर्जन कराया जाएगा।
- उझानी बाइपास तिराहा पर पुलिस डायवर्जन लागू कराएगी।
- मुजरिया चौराहा पर भी डायवर्जन लागू रहेगा।
- कस्बा सहसवान में भी डायवर्जन प्रभावी रहेगा।