उझानी में ओवरहेड टैंक के अंदर मरम्मत करते मजदूर। स्रोत: नगर पालिका
उझानी। किलाखेड़ा स्थित ओवरहेड टैंक की सफाई के साथ अंदर मरम्मत का काम पूरा नहीं होने और पालिका परिसर स्थित नलकूप के फुंक जाने से पेयजल आपूर्ति का शेड्यूल बिगड़ गया है। पालिका ने नलकूपों से सीधे पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की है, फिर भी पेयजल उपभोक्ताओं की दिक्कतें कम होने का नाम ले रही हैं। टैंक की मरम्मत में अभी एक हफ्ता और लगने के आसार हैं।
नगर पालिका कार्यालय परिसर स्थित नलकूप हाई वोल्टेज की वजह से दो दिन पहले फुंक गया था। जल निगम के अवर अभियंता अरविंद पाल की देखरेख में शाम को मोटर की मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया। अगले दिन भी मोटर ठीक नहीं हुई तो पालिका प्रशासन ने अफसरों से संपर्क साधा। नलकूप सुचारू होने में शनिवार सुबह तक का समय लग सकता है। पालिका परिसर के नलकूप से उपभोक्ताओं को सीधे ही आपूर्ति दी जाती रही है। इस नलकूप का पेयजल कनेक्शन पंजाबी कॉलोनी के ओवरहेड टैंक से नहीं है।
पेयजल उपभोक्ताओं को सबसे ज्यादा दिक्कत किलाखेड़ा मोहल्ला स्थित ओवरहेड टैंक से एक महीना बाद भी पेयजल सुविधा सुचारू नहीं हो पाने को लेकर बनी हुई है। पालिका ने ओवरहेड टैंक की सफाई का पिछले महीना शुरू कराया था। बाहर रंगाई- पुताई के बाद मजदूरों ने अंदर झांका तो टैंक दो- तीन स्थानों पर क्षतिग्रस्त दिखा। इसके बाद ही टैंक के अंदरूनी भाग की मरम्मत का काम शुरू कराया गया। ओवरहेड टैंक से किलाखेड़ा के अलावा बाजारकलां, गौतमपुरी, नझियाई समेत साहूकारा आदि मोहल्लों को पेयजल आपूर्ति दी जाती है। मरम्मत कार्य में अभी एक हफ्ता का समय लगने के आसार है। इसके बाद ही कस्बे के सभी इलाकों में पेयजल आपूर्ति की सुविधा पूरी तरह बहाल होगी।
किलाखेड़ा में हैं दो ओवरहेड टैंक, एक सुचारू
किलाखेड़ा मोहल्ला स्थित ओवरहेड टैंक हैं। बड़े ओवरहेड टैंक की मरम्मत का काम चलने के बाद से पेयजल आपूर्ति छोटे टैंक से ही सुचारू रखी गई है। दो नलकूप भी हैं, जिनसे सीधे आपूर्ति दी जा रही है। उपभोक्ताओं में किलाखेड़ा निवासी मुजाहिद रजा ने बताया कि टैंक परिसर से आगे ढलान होने की वजह से सबसे ज्यादा दिक्कत किलाखेड़ा के उपभोक्ताओं को हो रही है। उन्हें तभी तक पेयजल आपूर्ति मिलती है, जब तक नलकूप चलते हैं।
पालिका परिसर का नलकूप शनिवार सुबह तक पेयजल आपूर्ति सुचारू कर देगा। किलाखेड़ा के ओवरहेड टैंक की मरम्मत होने में कुछ समय लगेगा। फिर भी पालिका प्रशासन की ओर से पेयजल आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था कर दी गई है।- तौसीफ अहमद, जलकल प्रभारी, नगर पालिका परिषद