बिनावर थाने के गांव सल्लन नगर में हुई वारदात
थाना क्षेत्र के गांव सल्लन नगर में अलाव ताप रहे बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा शुक्रवार रात हुआ। परिवार वालों की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के परिवार वाले किसी पर कोई आरोप नहीं लगा रहे हैं।
बिनावर थाने के गांव सल्लन नगर निवासी 62 वर्षीय चुन्नी लाल के तीन बेटे हैं। तीनों बेटे बाहर रहकर नौकरी करते हैं। गांव में चुन्नी लाल अकेले रह रहे थे। शुक्रवार रात वह अपने घर में अलाव ताप रहे थे। इसी दौरान कपड़ों में आग लग गई। जब तक वह संभलते बुरी तरह से झुलस चुके थे। पड़ोसियों ने उसके घर पहुंच कर आग पर काबू किया। रात में ही फोन से सूचना उनके बेटों को दी गई। गांव के लोग शनिवार सुबह चुन्नी लाल को जिला अस्पताल लाने की तैयारी कर रहे थे। इससे पहले ही उनकी मौत हो गई। खबर मिलने पर उनके लड़के भी पहुंच गए। पुलिस ने शनिवार को शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया।