बदायूं। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण और आधार से मिलान के दौरान सामने आई विसंगतियों को लेकर जिले में बड़े पैमाने पर नोटिस जारी किए गए थे। प्रशासन के अनुसार कुल 4,93,567 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए। इनमें से 4.42 लाख मामलों की सुनवाई हो चुकी है।
जिला प्रशासन के अनुसार, 1,55,145 जिन मतदाताओं का आधार से मिलान नहीं हो पाया। वहीं मिलान प्रक्रिया में 3,38,422 मतदाताओं के विवरण में तार्किक विसंगतियां पाई गईं। इन सभी मामलों को लेकर संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। एडीएम एफआर डॉ. वैभव शर्मा ने बताया कि प्रथम तिथि 14 जनवरी निर्धारित की गई थी, जबकि इन नोटिसों की सुनवाई 21 जनवरी से शुरू की गई।
विभाग के अनुसार, सभी नोटिस शत-प्रतिशत जनरेट कर दिए गए थे। अब तक कुल 4,68,775 नोटिसों का वितरण किया जा चुका है। वहीं छह मार्च तक 4,42,540 नोटिसों की सुनवाई पूरी कर ली गई है। शेष मामलों की सुनवाई की प्रक्रिया जारी है। सुनवाई की प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए जिले में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों सहित कुल 172 अधिकारियों की तैनाती की गई है।
इसके अलावा नोटिसों की सुनवाई के लिए जिले में 104 केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां मतदाता अपने दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं। प्रशासन का कहना है कि मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए यह प्रक्रिया चलाई जा रही है, ताकि आगामी चुनावों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो।