कलक्टेट में संचारी रोग की साप्ताहिक बैठक करते सीएमओ डॉ.रामेश्वर मिश्रा।स्रोत-सूचना विभाग
बदायूं। विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की साप्ताहिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता सीएमओ डॉ. रामेश्वर मिश्रा ने की। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए ब्लॉक स्तर के अधिकारियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए। अभियान की सफलता के लिए संबंधित विभागों के दायित्व निर्धारित किए गए है। सभी अधिकारी अपने निर्धारित दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करें। सभी संबंधित अधिकारी व कर्मचारी परस्पर बेहतर समन्वय से अभियान को सफल बनाएं।
कलक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में संचारी व दस्तक अभियान के कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि संचारी व दस्तक अभियान के तहत कराए जा रहे कार्यों में कोई भी कार्य राज्य औसत से कम नहीं होना चाहिए। इसका विशेष ध्यान संबंधित अधिकारी रखें।
उन्होंने कहा कि दिवाली के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सभी चिकित्सक व स्टाफ अपने तैनाती स्थल पर ही रहे ताकि अकस्मात स्थिति आने पर वह अपनी सेवाएं दे सकें। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को और तेजगति से कार्य कराने के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी से कहा। कहा कि आशाओं व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर आमजन को जागरूक करना है। इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रमोद कुमार, डॉ. केके शर्मा, विश्व स्वास्थ्य संगठन की डॉ. पवलीन कौर, अरविन्द राना सहित एमओआईसी व स्टाफ मौजूद रहा।