बदायूं। कोरोना संक्रमण की रफ्तार मंगलवार को कुछ कम हुई है। सोमवार को जिले में इस सीजन के सबसे अधिक 154 संक्रमित मिले थे। मंगलवार को 78 संक्रमित मिले हैं। जेल में संक्रमण का असर बढ़ गया है। एक दिन में आठ बंदी और कैदियों को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। एक न्यायिक अधिकारी, बैंक ऑफ बड़ौदा के तीन अधिकारी और कर्मचारी, पीएनबी बिसौली के एक कर्मचारी के साथ उसावां सीएचसी के दो डॉक्टरों को भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जिले में कोरोना के सक्रिय रोगियों की संख्या बढ़ कर 710 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जिले में अलग-अलग स्थानों से 3071 लोगों के सैंपल लिए थे। इनमें 1580 लोगों की आरटीपीसीआर और 1491 लोगों की एंटीजन जांच कराई गई। इनमें कुल 78 लोगों को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। शहर में सबसे ज्यादा 45 नए रोगी मिले हैं। इसके अलावा बिसौली में नौ उसावां में छह, उझानी में चार, जगत में तीन, म्याऊ, अंबियापुर, ससिवानल, इस्लामनगर में दो-दो और सालारपुर, दातागंज में एक-एक संक्रमित मिला है। सबसे ज्यादा आठ संक्रमित जिला जेल में मिले हैं। सभी संक्रमितों को होम क्वारंटीन किया गया है।
मंगलवार को आई जांच रिपोर्ट पर गौर करें तो इसमें 80 फीसदी से ज्यादा युवा हैं। बुजुर्गों की संख्या काफी कम है। शहर के आदर्श नगर में एक छह और एक 11 साल के बच्चे को संक्रमण की पुष्टि हुई है। मंगलवार को मिले 78 संक्रमितों के संपर्क में आने वाले 523 लोगों को ट्रेस करने के बाद इनके सैंपल लिए गए हैं। बुधवार को संक्रमितों की संख्या में इजाफा होने की आशंका जताई जा रही है। कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार के बीच भी लोग मास्क का इस्तेमाल नहीं कर रहे। दो गज की दूरी को भी दरकिनार किया जा रहा है।
-
संक्रमितों में 84 लोग स्वस्थ्य हुए, क्वारंटीन से बाहर किए गए
जिले में मंगलवार को जहां 78 नए संक्रमित मिले हैं वहीं 84 संक्रमित स्वस्थ हो गए हैं। यह सभी संक्रमित होम क्वारंटीन थे। कांट्रेक्ट ट्रेसिंग के बाद स्वस्थ हुए 84 संक्रमितों को क्वारंटीन से बाहर कर दिया गया है। जिले में अब क्वारंटीन संक्रमितों की संख्या 710 हो गई है। चार संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। अनमें एक संक्रमित राजकीय मेडिकल कॉलेज में और तीन संक्रमितों का दूसरे जिलों के अस्पतालों में इलाज चल रहा है। संक्रमितों को अब 10 दिन के लिए क्वारंटीन किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि धीरे-धीरे स्वस्थ होने वालों की संख्या में इजाफा होगा।
-----------------
टीकाकरण के बाद संक्रमित होने वाले जल्द हो रहे स्वस्थ
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो कोरोना संक्रमित होने वालों में 80 फीसदी से ज्यादा ऐसे लोग हैं जो टीकाकरण करा चुके हैं। टीकाकरण के बाद भी लोग संक्रमित हो रहे हैं, अच्छी बात यह है कि जो लोग टीकाकरण के बाद भी संक्रमित हो रहे हैं उनमें संक्रमण के मामूली लक्षण ही दिख रहे हैं। इसके साथ ही यह लोग काफी जल्द स्वस्थ भी हो रहे हैं। ट्रेसिंग में यह भी पाया गया है कि ज्यादातर बच्चे अपने परिवार में ही किसी संक्रमित के संपर्क में आने के कारण संक्रमण का शिकार हो रहे हैं।
-
मंगलवार को जिले में 78 नए संक्रमित मिले हैं। इनमें शहर में सबसे ज्यादा 45 नए संक्रमित मिले हैं। जिला जेल में आठ बंदी और कैदी संक्रमण का शिकार हुए हैं। टीकाकरण के बाद भी संक्रमित होने वाले लोग काफी तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। मंगलवार को 84 संक्रमित स्वस्थ्य हुए हैं। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को कम संक्रमित मिले हैं।
-डॉ. रजनीश शर्मा, कांट्रेक्ट एंड ट्रेसिंग ऑफीसर कोविड-19