बदायूं। मच्छर और लार्वा नष्ट करने के लिए पिछले महीने 15 मई से डीडीटी का छिड़काव होना था, पर अब जाकर सीतापुर से डिमांड से काफी कम सिर्फ 15 मिट्रिक टन दवा मिल सकी है, जिसका ब्लॉकों के लिए वितरण शुरू हो गया है।
मच्छरजनित डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया बीमारियों को लेकर बदायूं के चार ब्लॉक के दो सौ से ज्यादा गांव हाईरिस्क श्रेणी में हैं। इस बार भी स्वास्थ्य और मलेरिया विभाग की टीमों ने सर्वे के आधार पर 165 गांवों को संवेदनशील श्रेणी में रखा है। मच्छरजनित बीमारियों का प्रकोप वैसे तो जून के दूसरे सप्ताह में शुरू होता है, लेकिन शासन की गाइड लाइन के अनुसार शहर से लेकर गांवों तक जलभराव वाले स्थानों पर डीडीटी के घोल का छिड़काव 15 मई से शुरू हो जाना चाहिए। इस बार अब तक शासन से जिले को डीडीटी ही उपलब्ध नहीं कराया गया।
जिले को पिछले दिनों करीब 500 लीटर मच्छर और लार्वानाशक टेमोफॉस दवा उपलब्ध करा दी गई थी। मलेरिया विभाग ने यह दवा गांवों में छिड़काव के लिए ब्लॉक मुख्यालयों को उपलब्ध करा दी। कई स्थानों पर टेमोफॉस का छिड़काव शुरू हो गया है, लेकिन अब तक डीडीटी का छिड़काव शुरू नहीं हो सका था। पिछले दिनों बदायूं को सीतापुर से 15 एमटी डीडीटी उपलब्ध कराया गया। अब डीडीटी के ब्लॉकों को वितरण के साथ इसका छिड़काव भी शुरू हो गया है।
--------------
संवेदनशील 165 गांवों की हो रही मॉनीटरिंग
जिन 165 गांवों को इस बार मलेरिया और स्वास्थ्य विभाग ने मच्छरजनित बीमारियों के लिहाज से हाईरिस्क श्रेणी में रखा है उन गांवों की मॉनीटरिंग करने के साथ रिपोर्ट शासन को भी भेजी जा रही है। इन गांवों में मलेरिया के साथ स्वास्थ्य विभाग की संक्रामक रोग नियंत्रण सेल भी काम कर रही हैं। गौर करने वाली बात यह है कि इस वर्ष अब तक मलेरिया के जो 30 से ज्यादा मामले सामने आए हैं वह इन्हीं गांवों के हैं। मलेरिया विभाग की टीमें इन गांवों में टेमोफॉस के छिड़काव का भी सत्यापन कर रही हैं। अब पहले चरण में इन्हीं गांवों में डीडीटी का छिड़काव कराया जाएगा।
-
बदायूं ने जिले के लिए शासन से 60 एमटी डीडीटी की मांग की थी। गाइड लाइन के अनुसार डीडीटी का छिड़काव 15 मई से शुरू हो जाना था, लेकिन डीडीटी की सप्लाई न मिलने से छिड़काव शुरू नहीं हो सका। अब सीतापुर के कोटे से 15 एमटी डीडीटी मिला है। गांवों में छिड़काव के लिए डीडीटी का ब्लॉकों को वितरण किया जा रहा है।
- योगेश सारस्वत, जिला मलेरिया अधिकारी