बदायूं। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत रविवार को मलेरिया विभाग की टीमों ने शहर के कई मोहल्लों में अभियान चलाकर मच्छरों के लार्वा की तलाश की। इस दौरान 610 घरों में जांच के दौरान 117 घरों में लार्वा मिला। कई स्थानों पर डेंगू का लार्वा भी मिला है। यहां लार्वा नष्ट करने के साथ दवाओं का छिड़काव कराया गया।
विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत हर रविवार मच्छरों पर वार मुहिम चलाई जा रही है। रविवार को शहरी क्षेत्र में मलेरिया निरीक्षक तनवीर सिंह, जीशान अंसारी ने टीमों के साथ मोहल्ला कबूलपुरा, मधुवन कॉलोनी, नई बस्ती, ऊपरपारा में अभियान चलाया। इस दौरान घरों में रखे कूलर, फ्रिज, गमलों आदि की जांच की गई। 610 घरों में जांच के दौरान 117 घरों में मच्छरों का लार्वा पाया गया। लोगों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक किया गया। यह भी बताया गया कि कम से कम एक सप्ताह में एक बार साफ-सफाई जरूर करें। किसी भी स्थान पर पानी जमा न होने दें। मलेरिया निरीक्षक तनवीर सिंह ने बताया कि मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों को लेकर आम लोगों को भी जागरूक होने की जरूरत है।