बदायूं। जहां एक ओर उझानी का मानकपुर और देवरमई बुखार से जूझ रहा है। वहीं सखानू कस्बा भी कई दिनों से बुखार की चपेट में है। यहां अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार को एक और व्यक्ति की बुखार से मौत हो गई। वहीं सालारपुर क्षेत्र में एक किशोर ने इलाज के दौरान बरेली में दम तोड़ दिया।
अलापुर। जगत ब्लॉक क्षेत्र के कस्बा सखानू में करीब एक माह से बुखार का प्रकोप जारी है। अब तक एक बालक समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी है। कई बार कस्बे के लोग स्वास्थ्य विभाग को सूचना दे चुके हैं। इसके बावजूद बुखार को गंभीरता से नहीं लिया गया। बताते हैं कि कस्बे के वार्ड नंबर तीन निवासी ब्रजपाल (45) पुत्र महाराम कश्यप को करीब एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। जब उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ तो परिवार वाले ब्रजपाल को अलीगढ़ ले गए। जहां रविवार शाम करीब चार बजे उसकी मौत हो गई। परिवार वाले शव को लेकर अलीगढ़ से लौट रहे हैं। ब्रजपाल पांच भाइयों में बड़े थे। वह टेंपो चलाकर परिवार का गुजारा कर रहे थे। उन्हें डेंगू होना बताया गया है।
कुंवरगांव। सालारपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम हरनाथपुर निवासी रंजीत (17) पुत्र साधू को शनिवार रात तेज बुखार आया था। परिवार वालों ने उसे स्थानीय चिकित्सक से दवा दिलवा दी लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं आया। सुबह उसकी फिर हालत बिगड़ गई। परिवार वाले उसे बरेली ले गए। जहां दोपहर के समय उसकी मौत हो गई। परिवार में कोहराम मच गया है। परिवार वाले शव को गांव ले आए हैं।