बगरैन (बदायूं)। वजीरगंज ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सिसईया में फैली रहस्यमय बीमारी से गुरुवार एक और युवक की मौत हो गई। इसी के साथ ग्रामीणों के लिए ‘रहस्य’ बनी इस बीमारी से बीते 15 दिन में मरने वालों की संख्या बढ़ कर तीन हो गई है। इसके चलते ग्रामीण दहशत में हैं। ग्रामीण बताते हैं कि इस बीमारी में पहले मरीज के पेट में दर्द होता है, फिर उसकी आवाज चली जाती है। इसके एक घंटे बाद व्यक्ति की मौत हो जाती है। खास बात यह है कि ग्रामीण जहां इस बीमारी से अंजान हैं वहीं स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी भी इसके बारे में कुछ अधिक नहीं बता पा रहे हैं।
इस बीमारी के चपेट में आए ग्राम सिसईया निवासी बाबू हसन (21) पुत्र हलीम की गुरुवार मौत हो गई। परिवार वालों के मुताबिक बाबू हसन ने बुधवार रात खाना खाया था। मध्यरात्रि के समय अचानक उसके पेट में दर्द होने लगा। परिवार वाले कुछ सोचते उससे पहले बाबू हसन की आवाज चली गई। इससे परिवार वाले और ज्यादा घबरा गए। परिवार वाले सुबह युवक को सैदपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। इससे युवक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिवार वालों ने शव को दफन कर दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि बीते पंद्रह दिन के अंदर बाबू हसन की तरह लेखराज (30) पुत्र चुन्नी लाल और जुगेंद्र (17) पुत्र रामचंद्र भी दम तोड़ चुके हैं। उनके भी खाना खाने के बाद पेट में दर्द शुरू हुआ था। बाद में उनकी आवाज चली गई थी और फिर उनकी मौत हो गई थी। गांव में एक के बाद एक करके तीन लोगों की मौत होने से दहशत का माहौल है। ग्रामीण काफी डर चुके हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी है, लेकिन अभी तक कोई भी गांव नहीं पहुंचा है। जिससे यह भी पता नहीं चला है कि आखिर किस बीमारी से लोगों की मौत हो रही है।
एक्सपर्ट की राय
जिस तरह से लोग बता रहे हैं कि खाना खाने के बाद पेट में दर्द होता है, फिर व्यक्ति की आवाज चली जाती है और बाद में उसकी मौत हो जाती है। ऐसा तभी हो सकता है जब खाना खाने के दौरान खाना या पानी श्वांस नली में चला जाए। तभी उसकी आवाज बंद हो सकती है। कभी कभी ऐसा हो सकता है लेकिन अगर ऐसे ही कई लोग मर चुके हैं तो यह संभव नहीं है और न ही आज तक कोई ऐसा केस हमारे सामने आया है। या तो उनके पेट में पहले से कोई गंभीर समस्या होगी या फिर उनका भोजन विषाक्त रहा होगा।
-डॉ. राजेश कुमार वर्मा, चिकित्सक जिला अस्पताल
सिसईया गांव में फैली बीमारी के बारे में हमारे पास तक कोई सूचना नहीं आई है। गांव में टीम भेजकर मामले की जानकारी कराई जाएगी। तभी पता चलेगा कि लोगों की मौत किस बीमारी से हुई है।
-डॉ. मंजीत सिंह, प्रभारी सीएमओ