सार्वजनिक वितरण प्रणाली में गड़बड़झाले के आरोप लगने लगे हैं। भदवारगंज मोहल्ले के उपभोक्ता सर्वाधिक परेशान हैं। उपभोक्ताओं ने कोटेदारों की जांच कराके दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी है।
आरोप है कि प्रत्येक महीना वितरण के लिए राशन कोटेदारों के प्रतिष्ठानों पर गेहूं, चावल और केरोसिन अनलोड होता है। अनलोड होने वाले माल का मैसेज में भी ज्यादातर उपभोक्ताओं के सेलफोन पर पहुंचता है लेकिन अधिकतर कोटेदार महीना में निर्धारित दो दिन पूरे वक्त प्रतिष्ठान नहीं खोलते। यहां तक कि पर्यवेक्षक भी तब पहुंचते हैं जब वितरण समाप्त होने की ओर होता है। भदवारगंज के उपभोक्ताओं में राजपाल, हरपाल और राजबाला ने बताया कि पिछले महीना गेहूं और केरोसिन की बजाय कोटेदार ने उन्हें चावल देकर टरका दिया। शिकायत में आरोप यह भी है कि कोटेदार नॉन गैस कनेक्शन धारक उपभोक्ताओं को चार और गैस कनेक्शन धारक उपभोक्ताओं को तीन लीटर केरोसिन बांटे लेकिन प्रत्येक को तीन लीटर की केरोसिन दिया जाता है। प्रति लीटर 16 रुपया 25 पैसा की वजाय 17 रुपया वसूल किया जाता है। भदवारगंज के उपभोक्ताओं ने दो महीना पहले इसकी शिकायत जिले के अफसरों से भी की थी लेकिन उन्होंने कोई गौर नहीं किया।
सप्लाई इंसपेक्टर को चेकिंग से परहेज
उझानी। सूत्रों की मानें तो नगर पिछले काफी समय से सप्लाई विभाग के अफसरों ने उपभोक्ताओं की दिक्कतों को समझने और कोटेदारों की मनमानी के आरोपाें पर सच्चाई जानने का प्रयास नहीं किया। यहां तक सप्लाई इंसपेक्टर भी चेकिंग करने को यहां पहुंचे हों। इससे शिकायतें भी बढ़ गई हैं।