बदायूं। सहसवान थाना क्षेत्र के एक गांव में पत्नी को मायके से लेने आए युवक का दिल अपनी नाबालिग साली पर आ गया। युवक पत्नी को छोड़ नाबालिग साली को लेकर फरार हो गया। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
युवक की शादी एक साल पहले हुई थी। बताया जा रहा है कि विवाहिता पिछले एक माह से अपने मायके में रह रही थी। तीन दिन पहले युवक अपने एक साथी के साथ पत्नी को बुलाने उसके मायके पहुंचा। युवक दोपहर में पहुंचकर ससुराल में ही रुक गया।
अगले दिन शाम को 16 वर्षीय साली को लेकर कहीं चला गया। साली और जीजा जब घर पर नहीं मिले तो दोनों की तलाश शुरू हुई। दो दिन तक ससुराल वाले युवक व किशोरी की तलाश करते रहे, लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चला। अब किशोरी के परिजन ने युवक व उसके साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।