फुटबॉल में हरविलास कॉलेज और मदर एथेना स्कूल विजेता
हरविलास गोयल इंटर कॉलेज की मेजबानी में चल रहे जिला स्तरीय इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट का रविवार को समापन हो गया। अंडर- 19 में बदायूं के मदर एथेना स्कूल ने हरविलास कॉलेज को पटखनी दे दी। अंडर-14 में हरविलास कॉलेज की टीम ने बदायूं के महर्षि विद्या मंदिर को पराजित किया। विजेता टीमों को सीओ उझानी प्रमोद यादव ने पुरस्कृत किया। समापन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। अंडर-14 वर्ग के खिताबी मुकाबले की शुरूआत मेजबान हरविलास गोयल इंटर कॉलेज और महर्षि विद्या मंदिर के बीच हुई। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैच को रोमांचक स्थिति में पहुंचा दिया। रोमांचक मुकाबले में महर्षि विद्या मंदिर को 3-2 से पराजय झेलनी पड़ी। अंडर 19 में मेजबान कॉलेज की टीम को मदर एथेना ने 2-1 से हराया। विजेता टीमों के खिलाड़ियों को सीओ प्रमोद यादव और जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजन मेंदीरत्ता ने पुरस्कृत किया। उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को भी पुरस्कार मिले। राममोहन शर्मा और सुभाषचंद्र मिनोचा ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शील्ड भेंट कीं।
समापन पर कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्राओं ने नाटक के जरिए शिक्षा का महत्व भी समझाया। मेजबान कॉलेज के प्रधानाचार्य गोपाल शर्मा ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए। कोच निखिल नौड़ियाल, चांद मोहम्मद, सीपी सिंह और सीमा सिंह को भी सम्मान मिला। इस मौके पर इंस्पेक्टर गोपीचंद्र यादव, जयपाल थरेजा, राजकुमार जिंदल, गिरीश चंद्र वार्ष्णेय, कमल यादव, अवधेश बाबू, सुनील गोयल, सुरेंद्र मोहन, अशोक गुप्ता, नीरज शर्मा, राजेश मिश्रा, केशव, सत्येंद्र सोलंकी, माधवी शर्मा, देवेश गुप्ता, अनुज यादव, रियाजुल हसन, इकबाल अहमद और अरुण शर्मा आदि मौजूद थे।