शासन दो महीने पहले जारी कर चुका है राशि
कहने को बदायूं वीआईपी जिला है। यहां सत्ताधारी दल के पाच विधायक हैं, लेकिन यहां बेसिक शिक्षा का बुरा हाल है। परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत 331494 बच्चों को यूनिफार्म देने के लिए शासन ने दो महीने पहले पांच करोड़ की धनराशि शिक्षा विभाग को देदी थी। मगर आधा सत्र बीतने के बाद अब तक इन विद्यालयों में पढ़ रहे नौनिहालों को यूनिफार्म नहीं मिल सकी है।
परिषदीय विद्यालयों में यूनिफार्म वितरण को लेकर हर साल मारामारी होती है। गुरुजी खुद ठेकेदार बन जाते हैं और यूनिफार्म वितरण में जमकर गोलमाल करते हैं। इस सत्र में भी यूनिफार्म का यही हाल है। ज्यादातर विद्यालयों में अब तक यूनिफार्म का वितरण नहीं हो सका है। जिले के 2488 परिषदीय विद्यालयों में अब तक आधे भी स्कूलों में यूनिफार्म बच्चों को नहीं मिल पाई है।
शासन ने जिले के 331494 बच्चों की यूनिफार्म के लिए 75 फीसद धनराशि पहली किस्त में अगस्त में ही दे दी थी और जल्द ही सभी बच्चों को एक-एक यूनिफॉर्म वितरित कर दूसरी यूनिफार्म के लिए डिमांड भेजने के निर्देश जारी किए थे। लेकिन अब तक सभी बच्चों को पहली यूनिफार्म का वितरण नहीं हो पाया है।
विद्यालयों से विभाग के पास आई रिपोर्ट के अनुसार अभी सिर्फ 85 फीसद यूनिफार्म का वितरण हुआ है। जबकि विद्यालयों में 30 फीसद बच्चे भी यूनिफार्म पहने बच्चे नजर नहीं आते हैं। जबकि पहली किस्त का ही पैसा पहले ही एसएमसी खाते में भेज दिया गया है। बीएसए का कहना है कि सभी परिषदीय विद्यालयों में यूनिफार्म बंट चुकी हैं। निरीक्षण करने के दौरान बच्चे नई यूनिफार्म में मिलते हैं। एक-दो विद्यालय बचे है जहां कोई दिक्कत रही होगी। बचे हुए बच्चों की यूनिफार्म के लिए दूसरी किस्त की मांग की गई है।