गुरु गोविंद सिंह महाराज के प्रकाश उत्सव पर कीर्तन सुनती महिलाएं।स्रोत सभा
- फोटो : सांकेतिक
बदायूं। श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को शहर के एक लॉन में विशेष दीवान सजाया गया। इससे पूर्व शनिवार रात को गुरुद्वारा पंजाबी मोहल्ला में विशेष दीवान का आयोजन हुआ। अमृतसर से आए तेजपाल सिंह के रागी जत्थे ने मधुर कीर्तन गायन कर संगत को निहाल किया।
रविवार सुबह श्री गुरु ग्रंथ साहिब महाराज का विधिवत प्रकाश किया गया। इसके बाद हजूरी रागी की ओर से कीर्तन गायन हुआ। कथा वाचक हरप्रीत सिंह निमाना ने श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज के जीवन, त्याग और बलिदान पर प्रकाश डाला। कहा कि गुरु महाराज का जीवन मानवता, न्याय और धर्म की रक्षा के लिए समर्पित रहा है। इसके बाद अमृतसर से आए तेजपाल सिंह ने तुम हो सब राजन के राजा, आपे आप गरीब निवाजा शबद का कीर्तन किया। इसे सुनकर संगत भावविभोर हो गई।
उन्होंने गुरु महाराज से जुड़ी अनेक प्रेरणादायी साखियां भी सुनाईं। नगर कीर्तन शोभायात्रा में प्रसाद वितरण व अन्य सहयोग करने वाली संस्थाओं को गुरुद्वारा साहब की प्रधान रजनी अनेजा और मीत प्रधान सरदार मंजीत सिंह की ओर से सम्मानित किया गया। मंच संचालन महासचिव सरदार गुरदीप सिंह ने किया। समागम के दौरान गुरु का अटूट लंगर चला। जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर संजय कोचर, सुभाष कोचर, सोनू जुनेजा, हरभजन सिंह, गुरचरण सिंह, साहिल खुराना, अमनप्रीत सिंह ढींगरा, गुरप्रीत सिंह ढींगरा आदि मौजूद रहे।
गुरु गोविंद सिंह महाराज के प्रकाश उत्सव पर कीर्तन सुनती महिलाएं।स्रोत सभा- फोटो : सांकेतिक