बदायूं। गुलड़िया लिंक मार्ग के निर्माण के लिए अनुमति मिल गई है। इसके लिए शासन स्तर से 29.05 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से सड़क का चौड़ीकरण और सुंदरीकरण कराया जाएगा, इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
बदायूं-दातागंज रोड पर स्थित गुलड़िया को जाने वाला करीब 1.6 किलोमीटर लंबा लिंक मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में था। सड़क पर गड्ढे और टूट-फूट के कारण राहगीरों, दोपहिया व चार पहिया वाहन चालकों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ता था। बारिश के मौसम में स्थिति और भी बदतर हो जाती थी। स्थानीय लोगों की शिकायतों और मांग को ध्यान में रखते हुए गुलड़िया चेयरमैन तारावती ने अधिकारियों से इसको बनवाने की मांग की थी।
अब शासन की ओर से गुलड़िया लिंक मार्ग के निर्माण के लिए 29.05 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से सड़क का चौड़ीकरण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। संवाद