उझानी क्षेत्र में बिजली के खंभों के पास पड़ी गेहूं की पूलियां। स्रोत- बिजली विभाग
उझानी। पिछले कुछ दिनों में बिजली के तारों में स्पार्किंग के बाद गेहूं की फसल में आग लगने के कई मामले सामने आ चुके हैं। अब बिजली विभाग ने गाइडलाइन जारी कर किसानों को खंभों और ट्रांसफार्मरों के आसपास से जल्द से जल्द गेहूं काट लेने की सलाह दी है। तारों में स्पार्किंग के दौरान अगर चिंगारी गिरी तो गेहूं की फसल को बचाना मुश्किल हो जाएगा।
आंधी और तेज हवा के झोंके से बिजली के तारों में स्पार्किंग होने और चिंगारी निकलने की घटनाएं अधिक हो रही हैं। उस चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग रही है। एसडीओ प्रशांत वार्ष्णेय ने बताया कि जिले में भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत ट्रांसफार्मरों के नीचे सूखी घास को लेकर है। चिंगारी गिरने के बाद घास में उठने वाली लपटें भी आसपास गेहूं की फसल को स्वाहा कर देती हैं।
उन्होंने बताया कि किसान सबसे पहले बिजली के खंभों, तारों और ट्रांसफार्मरों के आसपास के गेहूं काट लें। गेहूं काट लिए जाने के बाद स्पार्किंग से फसल के नुकसान की आशंका कम रहेगी।