विजयी ट्रॉफी के साथ टीम के खिलाड़ी। संवाद
- फोटो : Archive
उघैती। ग्राम सभा क्रिकेट टूर्नामेंट के रोमांचक फाइनल मुकाबले में सोमवार को गुगौआ की टीम ने खितौरा को आठ विकेट से हराकर खिताबी जीत हासिल की। शानदार गेंदबाजी और सधी हुई बल्लेबाजी के दम पर गुगौआ ने यह एकतरफा जीत दर्ज की।
मैच का शुभारंभ ग्राम प्रधान विष्णु गुप्ता ने फीता काटकर किया। टॉस जीतकर गुगौआ के कप्तान सत्यम शंखधार ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी उतरी खितौरा की टीम गुगौआ के गेंदबाजों के आगे टिक नहीं सकी। पूरी टीम मात्र 51 रन पर ही ढेर हो गई। खितौरा की ओर से अक्षत ने सर्वाधिक 25 रन का योगदान दिया। गुगौआ के गेंदबाज सुंदरम ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में मात्र तीन रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट झटके। सौरभ शर्मा ने भी एक विकेट लेकर विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।
52 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुगौआ की टीम ने मात्र दो विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। सलामी बल्लेबाज सौरभ ने 25 रन की तेज पारी खेली। सुंदरम ने 10 और ओमेंद्र ने 12 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। शानदार प्रदर्शन के लिए सुंदरम को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस अवसर पर टूर्नामेंट के संयोजक अमन ठाकुर, शिवम शंखधार, नरेश शाक्य, विशाल प्रताप आदि खेल प्रेमी मौजूद रहे।