बदायूं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत जनपद में 1600 युवाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जिले के सभी विकास खंडों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य योजना का प्रभावी क्रियान्वयन, प्रचार-प्रसार और आवेदन प्रक्रिया को सुगम बनाना है।
जिलाधिकारी अवनीश राय के निर्देशानुसार ये शिविर प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक शिविर में न्यूनतम 200 आवेदन पत्र भरवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पात्र लाभार्थियों को अधिक संख्या में उपस्थित कराकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कराएं।
जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने को कहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को योजना का लाभ दिलाना है। इससे जनपद में रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 के लिए है।
अभियान के तहत विकास खंडों में शिविरों का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। दातागंज में 04 मई को, समरेर में 05 मई को और वजीरगंज में 06 मई को शिविर लगेंगे। अंबियापुर में 07 मई, बिसौली में 08 मई और उसावां में 11 मई को शिविर लगेंगे। म्याऊं में 12 मई, कादरचौक में 13 मई, इस्लामनगर में 14 मई और सहसवान में 15 मई को शिविर लगेंगे। दहगवां में 16 मई, जगत में 18 मई, उझानी में 19 मई, सालारपुर में 20 मई और आसफपुर में 21 मई को शिविर आयोजित किए जाएंगे।