विजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्राफी देते कोतवाल मनोज कुमार। संवाद
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव पिंडोल में सोमवार को एक दिवसीय जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। जिसमें आठ टीमों ने भाग लिया। फाइनल गुधनी और बिल्सी की टीमों के बीच खेला गया। जिसमें गुधनी ने 39 रनों से जीत दर्ज की।
इससे पहले गुधनी टीम के कप्तान अनस खान ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने आठ ओवर में 96 रन बनाए। कप्तान अनस खान ने 16, विनय ने 12, हिमांशु ने 29 रनों का योगदान दिया। बिल्सी टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए कृष्णा ने तीन विकेट लिए।
जवाब में बिल्सी की टीम मात्र 57 रनों पर ढेर हो गई। कृष्णा ने सर्वाधिक 35 रनों का योगदान दिया। वहीं गुधनी की ओर से विनय कुमार ने तीन विकेट लिए। हिमांशु को मैन ऑफ द मैच चुना गया। कोतवाल मनोज कुमार सिंह और खाद व्यापारी प्रदीप गुप्ता ने विजेता और उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर अजीम खान, आरके लक्ष्य, राजेश कुमार, श्लोक शाक्य, राघव, शिवम, आमिर, मयंक, सोबरन सिंह आदि मौजूद रहे।