सहसवान(बदायूं)। कस्बे में बुधवार शाम नगर के तहसील रोड स्थित एक मोबाइल विक्रेता की दुकान पर जीएसटी विभाग की टीम ने अचानक छापा मारकर हड़कंप मचा दिया। उत्तर प्रदेश सरकार लिखी दो गाड़ियों में पहुंचे अधिकारियों ने दुकान में प्रवेश कर अभिलेखों की गहन जांच शुरू कर दी। देर शाम तक कार्रवाई जारी रहने से बाजार क्षेत्र में चर्चाओं का दौर चलता रहा। इस वजह से आसपास के व्यापारी दुकानें बंद कर भाग निकले।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार शाम करीब सात बजे दो कारों में सवार अधिकारी सीधे दुकान पर पहुंचे। टीम के सदस्यों ने अंदर जाकर व्यापारी को अपना परिचय दिया और आवश्यक कागजातों की जांच प्रारंभ कर दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से आसपास के व्यापारियों और राहगीरों में कौतूहल की स्थिति बन गई और मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। हालांकि, टीम के सदस्यों ने भीड़ को वहां से हटाते हुए जांच कार्य में व्यवधान न डालने की हिदायत दी।
अधिकारियों ने बिक्री से संबंधित दस्तावेज, स्टॉक रजिस्टर, जीएसटी रिटर्न एवं अन्य वित्तीय अभिलेखों का मिलान किया। देर शाम तक टीम दुकान के अंदर मौजूद रहकर कागजी कार्रवाई और पूछताछ में जुटी रही। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि उन्हें इस कार्रवाई की पूर्व सूचना नहीं थी और न ही स्थानीय पुलिस को कोई औपचारिक जानकारी दी गई है।