नन्नूमल जैन इंटर कॉलेज में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित हुई पुलिस पाठशाला में छात्र-छात्र
बदायूं के बिल्सी के नन्नूमल जैन इंटर कॉलेज में सोमवार को अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एसपी (ग्रामीण) डॉ. हृदेश कठेरिया ने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर ठग लालच का जाल बिछाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। जैसे ही हम किसी लालच या आकर्षण में आते हैं, साइबर अपराधी हमें अपनी चाल में फंसा लेते हैं।
गोपनीय जानकारी साझा न करें
उन्होंने कहा कि इस संसार में कोई व्यक्ति बिना स्वार्थ के कुछ नहीं देता, इसलिए ऐसे किसी भी ऑफर या मेसेज से सावधान रहें, जो मुफ्त या इनाम का लालच दें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ खाता संख्या, पिन, ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें। यदि खाते से धोखाधड़ी से पैसे निकल जाएं तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम के दौरान एसपी ग्रामीण ने छात्रों को डिजिटल अरेस्ट जैसे नए साइबर अपराधों के तौर-तरीकों से भी अवगत कराया और ऑनलाइन सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां बताईं। छात्राओं ने एसपी ग्रामीण से सवाल-जवाब भी किए।
अखबार बौद्धिक विकास में निभाता है अहम भूमिका : डॉ. राजकमल
कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राजकमल गुप्ता ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी डिजिटल माध्यमों पर अधिक निर्भर होती जा रही है, जिससे उनके बौद्धिक और मानसिक विकास पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज छात्र किताबें और अखबार पढ़ने में कम रुचि ले रहे हैं, जिसके कारण उनमें एकाग्रता और याददाश्त की कमी देखने को मिल रही है।
अखबार और पुस्तकें ही वह माध्यम हैं जो हमें सोचने, समझने और विश्लेषण करने की शक्ति देती हैं। संचालन शिक्षक सचिन उपाध्याय ने किया। इस मौके पर कोतवाल मनोज कुमार सिंह, क्राइम इंस्पेक्टर वीके मौर्य, रचना देशवाल, अरविंद कुमार वर्मा, लवकुमार सिंह, सुमित कुमार, इंद्रा माहेश्वरी, कविता, अक्षय सक्सेना सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।