बदायूं। एक युवक सोमवार को जमीन के लालच में अपने दादा को दवा दिलाने के बहाने रजिस्ट्री कार्यालय लेकर पहुंच गया। वह बैनामा करा पाता, इससे पहले परिवार वालों को पता चल गया। फिर उन्होंने मौके पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने पुलिस को भी बुला लिया। पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले गई। हालांकि किसी भी पक्ष ने मामले की तहरीर नहीं दी तो पुलिस ने बगैर कार्रवाई उन्हें छोड़ दिया।
यह परिवार उझानी क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। यहां के 75 वर्षीय बुजुर्ग के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा पैरालाइसिस से पीड़ित है। छोटा बेटा होमगार्ड में है। वृद्ध की तबीयत भी कुछ ठीक नहीं रहती है। सोमवार को होमगार्ड का बेटा वृद्ध को लेकर रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचा। कुछ देर बाद बड़े बेटे की पत्नी भी वहां आ गई। उसने होमगार्ड के बेटे पर जमीन अपने नाम कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इससे वहां भीड़ इकट्ठा हो गई।
महिला का आरोप था कि युवक सुबह दवा दिलाने के बहाने वृद्ध को लेकर घर से निकला था। बाद में पता चला कि युवक वृद्ध के नाम की सारी जमीन अपने नाम कराना चाहता है। इससे वह वृद्ध को ले गया है, जबकि युवक का कहना था कि वह वृद्ध को दवा दिलाने के लिए लाया है। काफी देर तक वहां हंगामा होता रहा।
सूचना पर वृद्ध का होमगार्ड बेटा भी वहां आ गया। महिला ने पुलिस को सूचना देकर बुला लिया। इससे पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले गई लेकिन उन्होंने कोई तहरीर नहीं दी। इससे पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। इंस्पेक्टर राजकुमार तिवारी ने बताया कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आती है तो मामले की जांच कर कार्रवाई कराई जाएगी।