जिला और ब्लाक मुख्यालयों पर मनाया गया समाजवादी विकास दिवस
सपा विधायकों ने गिनाईं चार साल की उपलब्धियां, बांटी साइकिलें
सरकारी स्तर पर किए गए कार्यक्रम में सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, नीतियों, कार्यक्रमों के बारे में बताया गया। जिला और ब्लाक मुख्यालयों पर आयोजन कर लोगों को प्रशस्ति पत्र, लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए प्रदेश सरकार के चार साल पूरे होने पर समाजवादी विकास दिवास मनाया गया। ।
स्थानीय बदायूं क्लब में आयोजित सरकारी समारोह में मुख्य अतिथि वक्फ विकास निगम के अध्यक्ष आबिद रजा ने कहा कि सरकार द्वारा किए गए वायदे तो शत-प्रतिशत पूरे हुए हैं, लेकिन इनके अलावा भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सभी क्षेत्रों में विकास कार्य किए गए हैं। गरीबों को आवास मजबूरों को पेंशन, छात्रों को लैपटाप, छात्रवृति, कन्या विद्याधन, कन्याओं की शादी के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएं जाने के साथ ही गरीब रिक्शा चालकों को ई-रिक्शा और बड़ी संख्या में कब्रिस्तानों की चाहरदीवारी कराने के कार्य प्रदेश सरकार द्वारा कराए जा चुके है। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी शासन की मंशा के अनुरूप कार्य न करें, उनके साथ कोई रियायत न बरती जाए। अध्यक्षता कर रहे पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम के अध्यक्ष बनवारी सिंह यादव ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए पारदर्शी व्यवस्था अपनाई गई है, जिसके परिणामस्वरूप तमाम सरकारी योजनाओं से ग्राम स्तर तक बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हो रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गत चार वर्षो में चहुंमुखी विकास और जन कल्याण के लिए विभिन्न शासकीय योजनाओं से प्रत्येक वर्ग को लाभ मिला है। जिले में विकास कार्य का श्रेय सांसद धर्मेंद्र यादव को जाता है। मेडिकल कालेज और ओवरब्रिज जैसे विकस कार्य विशेष उल्लेखनीय हैं।
अंत में उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाषण को पढ़कर सुनाया। शेखूपुर विधान सभा क्षेत्र के विधायक आशीष यादव,, सांसद धर्मेंद्र यादव के प्रतिनिधि अवधेश कुमार यादव, दातागंज के पूर्व विधायक प्रेमपाल सिंह यादव, बिसौली के विधायक अशुतोष मौर्य, सहकारी बैंक के चेयरमैन बृजेश यादव, सुरेश पाल सिंह चैहान, बलवीर सिंह यादव, सलीम अहमद सहित तमाम वरिष्ठ नेता और जन प्रतिनिधि मौजूद रहे।
जिलाधिकारी शंभूनाथ ने अतिथियों के स्वागत के बाद विभिन्न सरकारी योजनाओं, कार्यक्रमों पर प्रकाश डालते हुए आजीविका मिशन में महिलाओं के समूहों को स्वरोजगार आदि से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति और उपलब्धि बताई। अंत में सीडीओ प्रताप भदौरिया ने आभार व्यक्त किया।
कृषक किसान मेले से हुए लाभान्वित
बदायूं। समाजवादी विकास दिवस पर आयोजित कृषक मेला में प्रर्दशनी लगाई। कृषकों ने मेले के माध्यम से तकनीकी ज्ञान, नए उरर्वकों, खादों, बीजों के संबंध में जानकारी हासिल कर लाभ उठाया। कृषि पशु चिकित्सा आदि विभागों द्वारा कृषकों को खेती तथा पशुपालन में तरक्की को विभिन्न जानकारियां भी उपलब्ध कराई गई। विशेषज्ञों ने कहा कि खेती के साथ-साथ पशुपालन पर भी विशेष ध्यान दिया जाए तो अधिक लाभ होगा।
साहित्य, एलईडी और जादू से दी जानकारी
बदायूं। सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं उपलब्धियों कार्यक्रमों एवं नीतियों पर आधारित साहित्य का भी समाजवादी दिवस में सूचना कार्यालय द्वारा वितरण किया गया। अलावा इसके सूचना विभाग की एलईडी वैन द्वारा शासन की योजनाओं को दिखाए जाने के साथ ही विभाग द्वारा पंजीकृत दलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं जादू के कार्यक्रम से भी योजनाओं की जानकारी दी गई।
स्वीकृति पत्रों और साइकिलों का वितरण
बदायूं। प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाओं में बेहतर कार्य करने वाले और अधिक लाभ उठाने वाले लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए। वहीं दूसरी ओर नए चयनित कई योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी उपलब्ध कराए गए। मुख्य अतिथि रजा और सपा जिलाध्यक्ष यादव ने समाजवादी विकास दिवस में 250 साइकिलों का पात्र लाभार्थियों को वितरण किया। इस अवसर पर एसएसपी सौमित्र यादव, एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेंद्र प्रसाद यादव, डीडीओ संतोष कुमार सिंह मौजूद रहे।