बदायूं। सोमवार को महिलाओं ने मंदिरों के साथ ही घरों में गोवर्धन महाराज को खील, खिलौनों व मिठाइयों से भोग अर्पित किया, साथ ही घर की सुख और समृद्धि के लिए गोवर्धन महाराज से प्रार्थना की। घरों और मंदिरों में सामूहिक भजन-कीर्तन के आयोजन भी किए गए। इसके अलावा अन्नकूट पर मंदिरों में प्रसाद बांटा गया।
दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा होती है। इस दिन घरों में गोबर से गोवर्धन बनाकर खील बताशे आदि से उनका पूजन किया जाता है। सोमवार को भी घरों में गोवर्धन की स्थापना कर पूजा की गई। मोहल्ला शहबाजपुर स्थित विश्वहरि मंदिर पर लोगों ने गोवर्धन का पूजन का उनकी परिक्रमा कर आरती उतारी। महिलाओं ने भजन गाए। कार्यक्रम के बाद में श्रीकृष्ण एकादश व दशहरे पर हुए कार्यक्रमों में भाग लेने वाले रूपांक, इशांक, कुनाल, देवांश, गौरांक, गौरी, अंशिका, वंशिका, स्नेह, स्पर्श, आदित्य, रिदिमा, यश्वी आदि बच्चों को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर संजय अरोरा, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, निर्दोष सक्सेना, पंकज अग्रवाल, समीर सक्सेना, प्रीतेश सक्सेना, आकाश सक्सेना, शुभम सक्सेना आदि मौजूद रहे।
उझानी। सोमवार को घरों में गोवर्धन पूजन किया गया। महिलाओं ने गोबर से गोवर्धन की स्थापना की, फिर मंगलगीत गाए। मंदिरों में भी धार्मिक कार्यक्रम हुए। अन्नकूट पर प्रसाद वितरण किया गया। प्रसाद लेने के लिए मंदिरों में खासी भीड़ रही।
उसावां। सोमवार को गोवर्धन की पूजा अर्चना की गई, घरों के आंगन में गाय के गोबर से महिलाओं ने गोवर्धन पर्वत व उसके साथ साथ गोकुल वासियों को बनाया। इनकी पूजा खीर पूड़ी से की और परिवार की खुशहाली को भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना की।
मंदिरों में बांटा अन्नकूट का प्रसाद
बिल्सी। दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा के साथ नगर के अधिकतर मंदिरों में अन्नकूट के प्रसाद के वितरण करने का परंपरा यहां काफी लंबे समय से चली आ रही है। इस प्रसाद को ग्रहण करने के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। नगर के मां शीतला देवी मंदिर, कुटी मंदिर, शिव शक्ति भवन मंदिर, बद्री नारायण महाराज, हनुमान गढ़ी, देववाणी, खैरी रोड स्थित बालाजी मंदिर, मोहल्ला संख्या दो सिध्दबली हनुमान मंदिर, मोहल्ला संख्या पांच के शनिदेव मंदिर, नव दुर्गा मंदिर, मनकामेश्वर महाराज मंदिर, सांई बाबा के मंदिर के अलावा नगर के दीननगर शेखपुर एवं अगोल रोड स्थित मां काली के मंदिर पर भी अन्नकूट प्रसाद का वितरण किया गया।