उझानी में रेलवे के गोशाला फाटक पर ट्रैक की मरम्मत करते कर्मचारी। संवाद
उझानी। छतुईया क्रॉसिंग की रुटीन मरम्मत के बाद सोमवार को दूसरे दिन गोशाला रेल क्रॉसिंग सुबह आठ से शाम छह बजे तक बंद रही। इसके चलते वाहनों की आवाजाही मिनी बाइपास होकर उझानी-भदरौल मार्ग से हुई। अधिकतर वाहन मुख्य बाजार से होकर निकले। इस कारण लोगों को काफी परेशानी हुई।
गोशाला क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रैक पर सुधारात्मक कार्य सुबह करीब आठ बजे शुरू हुआ। कोतवाली पुलिस ने क्रॉसिंग बंद होने से पहले ही दोनों ओर वाहनों को रोकना शुरू कर दिया। उझानी-भदरौल रोड पर हालांकि बसों की तो नहीं लेकिन ट्रक और किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियां निकलती हैं। इस रोड पर सफर के लिए निजी और डग्गामार वाहनों का इस्तेमाल ज्यादा होता है।
पुलिस कर्मियों ने उझानी से भदरौल की ओर जाने वाले वाहनों को अढौली फाटक पार मिनी बाइपास से मीहलालनगला मोड़ के जरिये तो दूसरी तरफ से आने वाले वाहनों को मीहलालनगला से वैकल्पिक रास्ता मिला।
सुधारात्मक मरम्मत कार्य शाम छह बजे तक चला। रेलवे के इंजीनियरों ने कर्मचारियों के जरिये इस दौरान कार्य भी निर्धारित समय में पूरा करा लिया। स्टेशन अधीक्षक अरुण कुमार सक्सेना ने बताया कि गोशाला मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ज्यादा नहीं होने की वजह से क्रॉसिंग के पास वाहन नहीं रुके।
अधिकतर लोगों को एक दिन पहले ही क्रॉसिंग बंद होने के बारे में पता लग गया था। इधर, मिनी बाइपास के रास्ते हाईवे की ओर वाहन बाजार से होकर निकले तो यातायात व्यवस्था दो-तीन बार प्रभावित हुई। बता दें कि रविवार को छतुईया रेल फाटक पर ट्रैक की रुटीन मरम्मत हुई थी। उस दौरान वाहन वाया मुजरिया-वितरोई होकर निकले थे। इससे लोगों को करीब 20 किलोमीटर की दूरी अधिक तय करनी पड़ी थी।