बदायूं। गोपाष्टमी पर्व जिले में धूमधाम से मनाया गया। शहर की ब्रह्मदत्त गोशाला में गोपालकों का सम्मान किया गया। भंडारा भी हुआ गया। इस मौके पर सैकड़ों गोवंश की सामूहिक आरती भी हुई।
दातागंज मार्ग स्थित श्रीमद् ब्रह्मदत्त गोशाला में आठवां गोमहोत्सव एवं गोपूजन कार्यक्रम भव्यता के साथ हुआ। गोप्रेमियों ने सामूहिक गो आरती एवं पूजन किया। एक साथ सैकड़ों गोवंश के पूजन से पूरा वातावरण गोमय हो गया। सभी लोगों ने गायों को तिलक लगाया, गुड़ खिलाया और गोमाता का आशीर्वाद लिया। इस मौके पर राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि ब्रह्मदत्त गोशाला गोसेवा के साथ आम जनमानस व बच्चों में भी गायों के प्रति रुचि जगाने का कार्य कर रही है, यह बहुत नेक कार्य है। ब्रह्मदत्त गोशाला निराश्रित गोवंशों का सहारा बनी हुई है।
भाजपा ब्रज क्षेत्र के उपाध्यक्ष अशोक भारतीय ने कहा कि गोपाष्टमी पर्व पर गोपूजन का अलग ही महत्व होता है। सभी को गोशाला आकर गोपूजन करना चाहिए।
पूर्व एमएलसी भारत सिंह यादव ने कहा कि देशी गोवंश गुणों का खजाना हैं। हमें इनके संवर्धन और संरक्षण पर ध्यान देना चाहिए। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम यादव ने कहा कि गो महोत्सव की निरंतरता बनाए रखना होगी।
सीवीओ डॉ एके जादौन ने कहा कि गोसेवा आयोग से भी गोवंश के भरण पोषण को सहायता की जा रही है। गो महोत्सव में युवा मंच संगठन और यूथ डांस विला की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। रविंद्र मोहन सक्सेना ने किया।
गोशाला के प्रबंधक आचार्य चंद्रदत्त, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील गुप्ता और संजीव वैश्य, केएल गुप्ता, सुभाष चंद्र गुप्ता, विनोद पाल सिंह, आयुष अग्रवाल, अजय कुमार मिश्र, कुशाग्र सागर, उत्कर्ष, सचिन सूर्यवंशी, कौशल एडवोकेट आदि अनेक गोप्रेमी मौजूद रहे। सचिन भारद्वाज ने सभी का आभार व्यक्त जताया।
जिले में संचालित सभी गोवंश आश्रय स्थल पर ‘गोपाष्टमी पर्व’ मनाया गया। इसके तहत सभी गोवंश आश्रय स्थल में सफाई की गई। उझानी के नौशेरा में स्थित गोवंश आश्रय स्थल पर सीडीओ ऋषिराज सिंह ने सीवीओ डॉ. एके जादौन के साथ गोपूजन किया। साथ ही सीडीओ ने मौके पर उपस्थित दोनों केयर टेकर को कंबल भेंट किए।
उझानी। गोपाष्टमी पर बृहस्पतिवार को श्रीकामधेनु गोशाला में कमेटी के अध्यक्ष रोहताश गुप्ता, निखिल अग्रवाल,सर्वेश गुप्ता और अनिल तुलस्यान ने पूजन किया। गायों को पूड़ियां और मिठाई खिलाई गई। विहिप के गोरक्षा विभाग की ओर से जिलाध्यक्ष अरुण कुमार मिश्रा, नगर अध्यक्ष अनिल ठाकुर और रामऔतार राजपूत ने पूजन किया। प्रखर बाल संस्कारशाला के कार्यक्रम में गायत्री परिवार के संजीव कुमार शर्मा ने पूजन के बाद गायों का महत्व समझाया।
-
वृद्धाश्रम में मनाई गोपाष्टमी
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव बांस बरोलिया स्थित ऋषि आश्रम शुभ सेवा संस्थान की ओर से संचालित वृद्धाश्रम पर बृहस्पतिवार को गोपाष्टमी धूमधाम से मनाई गई। यहां सबसे पहले संस्था के अध्यक्ष वेदव्यास शर्मा ने गायों का तिलक कर पूजा की। उन्होंने कहा कि गोमाता की सेवा के कारण ही प्रभु का नाम गोपाल पड़ा था। इसके बाद मंगला शर्मा, आयुषी शर्मा, देव शर्मा, श्रेया शर्मा ने आश्रम में रह रहे सभी वृद्धों को मिष्ठान एवं फल वितरित किए। इस मौके पर रामप्रकाश शर्मा, बबलू माथुर, शिव गौड़ आदि मौजूद रहे। संवाद