उझानी में चोरी के बाद तहकीकात करते पुलिस कर्मी। संवाद
उझानी। चोरों ने शुक्रवार रात हलवाई का घर खंगाल लिया। गर्मी की वजह से मुख्य दरवाजा खुला छोड़ कर हलवाई का परिवार सो गया। ऐसे में चोर घर में घुसे और अलमारियों से सोने- चांदी के जेवरात और नकदी लेकर चंपत हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चोरी की घटना बाजार कलां मोहल्ला निवासी हलवाई प्रिंस वार्ष्णेय के घर में हुई। गृहस्वामी प्रिंस ने पुलिस को बताया कि रात में गर्मी अधिक होने की वजह से उन्होंने मुख्य दरवाजा बंद नहीं किया था। परिवार के लोग बरामदे में सो गए। तड़के उठे तो देखा कि अलमारी और उसके आसपास सामान बिखरा था। यह देख उनके होश उड़ गए। उनकी सूचना पर एसएसआई शिवकुमार समेत पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे।
गृहस्वामी ने बताया कि सोने और चांदी के जेवरात के अलावा नकदी भी चोर ले गए। पुलिस कर्मियों ने कमरे के अंदर अलमारी और बरामदे की वीडियोग्राफी की है। एसएसआई ने चोरों को गिरफ्तारी और माल बरामद करने का भरोसा दिया।