राजकीय महिला डिग्री कॉलेज में लगी प्रदर्शनी। स्रोत कॉलेज
बदायूं। राजकीय महिला महाविद्यालय में युवा महोत्सव ‘रम्य’ के तहत “हुनर हाट” का आयोजन किया गया। हुनर हाट का मुख्य उद्देश्य छात्राओं की अंतर्निहित प्रतिभाओं को पहचानना रहा। साथ ही उन्हें सृजनात्मकता व उद्यमिता की दिशा में प्रेरित करना रहा, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
हुनर हाट कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. वंदना ने की। इसमें राजकीय महिला महाविद्यालय की छात्राओं के साथ-साथ गिंदो देवी महिला महाविद्यालय, राजकीय संघटक महाविद्यालय सहसवान, एपीएम डिगी कॉलेज उझानी, बांके बिहारी पीजी कॉलेज उझानी की छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
छात्राओं की ओर से हस्तनिर्मित हस्तशिल्प, सजावटी वस्तुएं, घरेलू उपयोग की सामग्री सहित विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन व विक्रय किया गया। मुख्य अतिथि महिषा सिंह ने छात्राओं को अपने हुनर को निरंतर निखारने और उसे व्यवसायिक रूप देने के लिए प्रेरित किया। स्टॉल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान एपीएम पीजी कॉलेज उझानी, द्वितीय स्थान बांके बिहारी कन्या पीजी कॉलेज उझानी व राजकीय संघटक महाविद्यालय सहसवान और तृतीय स्थान गिंदो देवी महिला महाविद्यालय ने प्राप्त किया। विशिष्ट अतिथि प्रतिभा गुप्ता ने छात्राओं की रचनात्मकता की प्रशंसा की।