गले पर चोट के निशान
पुलिस के मुताबिक युवती शादीशुदा प्रतीत हो रही है। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवती की कहीं और हत्या करने के बाद उसे यहां लाकर फेंका गया है। गले पर स्पष्ट चोट और दबाव के निशान मिलने से गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है। घटनास्थल से पुलिस को एक और अहम सुराग मिला है। शव के पास से दूसरी महिला की चप्पल भी बरामद हुई है, जिससे कयास लगाए जा रहे हैं कि वारदात में किसी अन्य महिला की भी मौजूदगी रही होगी, जो जल्दबाजी में अपनी चप्पल वहीं छोड़ गई।
मृतक युवती प्लाजो और सूट पहने हुए थी। उसके दाहिने पैर में काला धागा बंधा हुआ था। उसके घुटनों पर रेत लगी होने से यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि शव को कहीं और से लाकर यहां डंप किया गया है। थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और युवती की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी की रिपोर्ट का भी मिलान कर रही है।