दातागंज के डहरपुर कलां में झोलाछाप की दुकान पर जांच करते एमओआईसी डॉ.रिदेश भसीम। संवाद
दातागंज। दातागंज एमओआईसी डॉ. रिदेश भसीन ने एक बालिका की मौत के मामले में डहरपुर कलां के एक झोलाछाप की दुकान पर मंगलवार को छापा मारा। एमओआईसी के पहुंचते ही झोलाछाप मौके से भाग निकला। उन्हें वहां पर दो मरीज भर्ती मिले। एमओआईसी ने लाइसेंस के दस्तावेज प्रस्तुत करने का नोटिस चस्पा किया है।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव कुड़रा ढका निवासी पप्पू की बेटी कीर्ति (6) को बुखार था। उन्होंने डहरपुर कलां गांव के एक झोलाछाप की दुकान पर भर्ती कराया था। पप्पू का आरोप है कि झोलाछाप के इलाज से दौरान बेटी को एक गलत इंजेक्शन लगा दिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। वह बेटी को हायर सेंटर ले जाते, तब तक उसने दम तोड़ दिया। उन्होंने झोलाछाप की लापरवाही की शिकायत डीएम व सीएमओ से की। डीएम ने सीएमओ को इस मामले में कार्रवाई के आदेश दिए।
सीएमओ ने दातागंज सीएचसी के एमओआईसी को झोलाछाप के खिलाफ जांच कर कार्रवाई को कहा। मंगलवार को एमओआईसी ने झोलाछाप की दुकान पर छापा मारा। एमओआईसी को जांच पड़ताल के दौरान दुकान पर दो मरीज भर्ती मिले। एक मरीज के ड्रिप चढ़ रही थी, जबकि दूसरा मरीज सर्दी जुकाम की दवा लेने पहुंचा था। झोलाछाप के भाग जाने के कारण एमओआईसी को झोलाछाप के मेडिकल लाइसेंस संबंधित दस्तावेज नहीं मिल सके। इसके चलते एमओआईसी ने दुकान में नोटिस चस्पा कर 24 घंटे के अंदर मेडिकल लाइसेंस संबंधित सभी दस्तावेज सीएमओ कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। ऐसा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी हैं।