बदायूं। बोर्ड परीक्षाओं के लिए साढ़े चार लाख उत्तर पुस्तिकाएं आ चुकी हैं। सभी को जीआईसी के कोठार में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखवाया गया है। फरवरी के पहले सप्ताह में परीक्षा केंद्रों पर इनको पहुंचाया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जिले में यूपी बोर्ड की परीक्षा को कराने के लिए 100 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर जिले के 64 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए तैयारियां की जा रहीं हैं।
जिले में साढ़े चार लाख उत्तर पुस्तिकाओं को मंगवाया जाना था। बीते सप्ताह तक सारी उत्तर पुस्तिकाएं आ गईं हैं। अब इसे बोर्ड के केंद्रों पर भिजवाने की तैयारी की जा रही है। फरवरी के पहले सप्ताह में इन्हें केंद्रों पर भेजना शुरू कर दिया जाएगा। उत्तर पुस्तिकाओं को राजकीय इंटर कॉलेज में बनाए गए कठोर रूम में रखवाया गया है।
उत्तर पुस्तिकाओं की निगरानी के लिए विभिन्न जगहों पर सीसीटीवी कैमरों को लगवाया गया है। इसके अलावा पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं। जो उत्तर पुस्तिकाओं की देखरेख कर रहे हैं। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारी की जा रही है। फरवरी के पहले सप्ताह में परीक्षा केंद्रों पर उत्तर-पुस्तिकाओं को पहुंचाने का काम शुरू होगा।