बदायूं। केवाईसी नहीं कराने वाले गैस उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। केवाईसी (अपने ग्राहक को जानें) अधूरी होने के कारण जिले के सवा लाख उपभोक्ताओं की गैस आपूर्ति रोक दी गई है। इससे उन्हें गैस आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। महंगे दाम में सिलिंडर खरीदना पड़ रहा है। कनागत के समाप्त होने के बाद त्योहारी सीजन शुरू हो जाएगा, ऐसे में सिलिंडर नहीं मिलने से लोगों की और परेशानी बढ़ जाएगी।
जिले में 6,47,842 सामान्य गैस कनेक्शन और 4,19,002 उज्ज्वला योजना के कनेक्शन हैं। जिले में कुल 10,66,844 गैस उपभोक्ता हैं। इनमें से करीब सवा लाख उपभोक्ताओं ने अभी तक केवाईसी नहीं कराई है। जबकि शासन ने केवाईसी कराने के लिए उपभोक्ताओं को तीन बार मौके दिए थे। उस समय स्पष्ट कहा गया कि केवाईसी नहीं कराने पर गैस आपूर्ति रोक दी जाएगी, इसके बावजूद सवा लाख उपभोक्ताओं ने गौर नहीं किया। केवाईसी नहीं होने पर एक अक्तूबर से सब्सिडी और गैस बुकिंग रोक दी गई। इधर, गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं की केवाईसी लंबित है, उनकी गैस बुकिंग नहीं हो रही है। जिले में 54 गैस एजेंसी हैं। सभी पर केवाईसी कराई जा सकती है।
गैस एजेंसी पर जाकर बायोमेट्रिक केवाईसी करा सकते हैं
जिला पूर्ति विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं को लंबे समय तक केवाईसी कराने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ता आधार कार्ड लेकर अपनी संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर बायोमेट्रिक केवाईसी करा सकते हैं। केवाईसी होते ही गैस आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। उपभोक्ताओं को बताया जा रहा है कि वह जल्द से जल्द केवाईसी प्रक्रिया पूरी करा लें, ताकि त्योहारों में किसी तरह की असुविधा न हो। एजेंसियों पर दोपहर 12 बजे तक उपभोक्ताओं केवाईसी की जा रही है।
फोटो-26
कनेक्शन लेने के बाद अभी तक केवाईसी की जरूरत नहीं पड़ी, अब सिलिंडर बुक नहीं हो पा रहा है, तो पता चला केवाईसी कराने के बाद गैस मिलेगी। अब केवाईसी कराएंगे।
- वीरबाला शर्मा, परवेजनगर
-
फोटो-27
पिछले माह सिलिंडर बुक हो गया था, लेकिन इस बार सिलिंडर बुक नहीं हो रहा है, एजेंसी पर जाकर बात की तो पता चला कि केवाईसी कराने के बाद आपूर्ति शुरू होगी।
- हेमा, ऐपुरा
वर्जन
गैस कंपनियों की ओर से अब बिना केवाईसी वाले उपभोक्ताओं के सिलिंडर बुक नहीं किए जा रहे हैं। जिन उपभोक्ताओं की केवाईसी बची हुई है, वह जल्द ही एजेंसी पर जाकर अपनी केवाईसी करा लें। केवाईसी होने के बाद सिलिंडर की बुकिंग शुरू हो जाएगी।
- सतीश कुमार मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी