आवास विकास में ट्रांसफार्मर से उठतीं आग की लपटें। संवाद
- फोटो : संवाद
बदायूं। आवास विकास कॉलोनी में होली चौक के पास रखे ट्रांसफार्मर में आग लग गई। आग से ट्रांसफार्मर की सारी बिजली लाइनें जल गईं। इससे ट्रांसफार्मर से पोषित इलाके की बिजली आपूर्ति तीन घंटे के लिए बाधित हो गई। सूचना पर पहुंचे बिजली कर्मियों ने शट डाउन लिया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार डालकर आग पर काबू पाया। बिजली कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर की जली केबिलों को बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल की है।
शहर की आवास विकास कॉलोनी में होली चौक पर ट्रांसफॉर्मर लगा है, जिससे करीब दो हजार उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति दी जाती है। रविवार सुबह करीब नौ बजे ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई, जिसे देख वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। पहले तो लोगों ने ओवरलोड होने की वजह से ट्रांसफार्मर के जलने की आशंका जताई, लेकिन उसके नीचे कूड़े कचरे के ढेर था। कूड़े के ढेर से आग फैलकर ट्रांसफॉर्मर की केबल तक पहुंच गई।
इस पर ट्रांसफॉर्मर के सारे तार जल उठे। सूचना पर बिजली कर्मचारी पहुंचे। उन्होंने उपकेंद्र से शट डाउन लिया। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार डालकर आग पर काबू पाया। इसके बाद कर्मचारियों ने मरम्मत कार्य शुरू किया। करीब तीन घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई। तब जाकर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।