उझानी/कछला (बदायूं)। कछला गंगाघाट मंगलवार को फिर आस्था से सराबोर हो गया। हजारों की संख्या पहुंचे श्रद्धालुओं ने ज्येष्ठ पूर्णिमा पर गंगा में डुबकी लगाकर घाट पर पूजा-अर्चना की। दोपहर बाद तक गंगा मइया के जयकारे गूंजते रहे। आश्रमों में संकीर्तन हुआ तो घाट पर पुरोहितों से अनुष्ठान भी कराए गए। घाट पर मेले में खासी भीड़ दिखी। महिलाओं और बच्चों ने खानपान की वस्तुओं का लुत्फ उठाया।
ज्येष्ठ पूर्णिमा पर आस्था की डुबकी लगाने के लिए गंगाघाट पर मंगलवार तड़के से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। धीरे-धीरे संख्या में इजाफा होता गया जो दोपहर बाद तक 50 हजार से अधिक पहुंच गई। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर सबसे पहले सूर्य देव को अर्घ्य दिया फिर हर-हर गंगे के घोष के साथ स्नान करते दिखे श्रद्धालुओं ने घाट पर अपने इष्टदेव और गंगा मइया की पूजा की।
गंगा आरती भी की गई। सुबह श्रद्धालुओं की संख्या काफी कम रही लेकिन प्रात: 10 बजे के करीब भीड़भाड़ नजर आने लगी। कासगंज, हाथरस, बदायूं, मथुरा और पड़ोसी राज्यों में राजस्थान समेत मध्यप्रदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। घाट पर पुरोहितों से धार्मिक अनुष्ठान कराए। कन्याओं को भोजन कराने के बाद कई श्रद्धालुओं ने आश्रमों में संकीर्तन किया।
आश्रमों में इसे लेकर रौनक नजर आई। घाट पर लगे मेले में महिलाओं और बच्चों ने खानपान की वस्तुओं का लुत्फ उठाया। महिलाओं ने शृंगार के सामान की खरीदारी भी की।
-
वितरोई मोड़ के पास रोके भारी वाहन
मंगलवार प्रात: करीब 10 बजे श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हो गया। श्रद्धालुओं के निजी वाहन जब बेतरतरीब होकर बरेली-मथुरा हाईवे पर कछला चौराहे के पास होकर निकले तो जाम का माहौल बन गया। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की वजह से कार सवार श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने हस्तक्षेप कर आवागमन तो दुरस्त करा दिया लेकिन मुजरिया के रास्ते निकले भारी वाहनों को वितरोई मोड़ के पास रोक दिया गया। दूसरी तरफ कासगंज जिले की पुलिस ने मानपुर नगरिया से बदायूं की तरफ ट्रकों को नहीं आने दिया। भारी वाहन तय रूट से वाया कादरचौक होकर नौशेरा के रास्ते आते-जाते रहे।
-
गोताखोरों ने दंपती समेत चार को लोगों को बहने से बचाया
गंगा स्नान करने के लिए हाथरस जिले में सिकंदराराऊ निवासी रामकिशन का पूरा परिवार आया। पुल के पास डुबकी लगाते समय रामकिशन की बेटी सुनीता और बेटा अमन बहने लगा तो पत्नी शोभा के साथ वह भी उसे बचाने को आगे बढ़ गया। चारों बहने लगे तो श्रद्धालुओं ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर ओमकार समेत पांच गोताखोरों ने मशक्कत कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गोताखोरों ने बताया कि उन्हें मदद देर से मिल पाती तो दंपती समेत चारों को बचाना मुश्किल हो जाता।
-----------
श्रद्धालुओं का माल चोरी कर खिसकी महिला गिरफ्तार
गंगाघाट पर बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव रिसौली निवासी एक सरोज पत्नी दयाराम समेत तीन श्रद्धालुओं के जेवरात और मोबाइल फोन चोरी हो गए। सरोज के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने एक महिला को दबोच लिया। पकड़ी गई महिला ने खुद को बदायूं निवासी बताया। उसके पास से पुलिस ने चांदी का गुच्छा, चांदी की चेन, पायजेब, दो अंगूठी, 27 सौ रुपये नकदी और दो मोबाइल फोन बरामद किए।