वाटर डिस्चार्ज कम होने के बावजूद उफान, सोमवार को नरौरा से छोड़ा जाएगा एक लाख क्यूसेक पानी
नरौरा बैराज से गंगा में रविवार को वाटर डिस्चार्ज कम कर दिए जाने के बावजूद गंगा में उफान जारी है। गंगा ने कई इलाकों में कटान भी तेज कर दिया है। पथरामई में गंगा की धारा सीधी जमीदाराना बांध से टकरा रही है। गंगा के रुख को देखते हुए बाढ़ खंड ने नगला अजमेरी बांध पर मरम्मत का काम तेज कर दिया है। हालांकि, फिलहाल स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में बताई जा रही है।
गंगा में नरौरा डैम से शनिवार को 105345 क्यूसेक वाटर डिस्चार्ज किया गया था। यह पानी कछला तक पहुंचने के साथ ही गंगा में उफान आ गया था। कई तटवर्ती गांवों के लिए खतरा पैदा हो गया था। आशंका थी कि नरौरा से रविवार को भी गंगा में ज्यादा वाटर डिस्चार्ज किया जाएगा लेकिन रविवार को नरौरा से वाटर डिस्चार्ज को कम कर दिया गया। शनिवार के मुकाबले गंगा में रविवार को नरौरा से 44717 क्यूसेक वाटर डिस्चार्ज किया गया। इस वजह से हालात बेकाबू नहीं हुए। हालांकि, नरौरा बैराज के अधिकारियों का कहना है कि पहाड़ों और मैदानी इलाकों में बारिश के चलते सोमवार को वाटर डिस्चार्ज बढ़ सकता है। रविवार को हरिद्वार से गंगा में 1.50 लाख क्यूसेक वाटर डिस्चार्ज किया गया है। हरिद्वार से नरौरा तक पानी पहुंचने में 96 घंटे का वक्त लगता है। ऐसे में नरौरा से गंगा में वाटर डिस्चार्ज बढ़ सकता है।
-----
सोमवार को वाटर डिस्चार्ज की स्थिति
हरिद्वार डैम- 154452
बिजनौर डैम- 10200
नरौरा डैम- 44717
-----
वाटर डिस्चार्ज की ताजा स्थिति 12 जुलाई- 23000
13 जुलाई- 59915
14 जुलाई- 995405
15 जुलाई- 105345
16 जुलाई- 44717
--------------
वर्जन-
नरौरा से रविवार को वाटर डिस्चार्ज कम हुआ है। फिलहाल खतरे जैसी कोई स्थिति नहीं है। हालात पूरी तरह से सामान्य हैं। स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।
-अरविंद कुमार वर्मा, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड