लोकार्पण की तैयारियां तेज, जिले में बनाए गए हैं तीन इंटरचेंज
जिलाधिकारी अवनीश राय ने आगामी 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री द्वारा हरदोई में किए जाने वाले गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों की सोमवार को समीक्षा की। इस अवसर पर जनपद के घटपुरी इंटरचेंज में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने आगंतुकों के बैठने, मंच संचालन, प्रचार-प्रसार, सुरक्षा, पार्किंग, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न पहलुओं पर अधिकारियों को निर्देश दिए।
हरदोई में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी बदायूं के कार्यक्रम स्थल पर किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव शर्मा ने गंगा एक्सप्रेसवे के बारे में बताया कि एक्सप्रेसवे 12 जनपदों से होकर गुजरता है और इसमें 21 इंटरचेंज हैं। डीएम ने बताया कि बदायूं जिले में इसकी लंबाई करीब 91 किलोमीटर है, जो बिसौली से दातागंज तक फैला है। जिले में घटपुरी, बनकोटा और डहरपुर पापड़ में तीन महत्वपूर्ण इंटरचेंज बनाए गए हैं।
किसानों को होगा फायदा, व्यापार को मिलेगी रफ्तार
किसान ठाकुर विजेंद्र सिंह ने बताया कि हम आलू वाले किसान तो सबसे ज्यादा परेशान रहते हैं। कोल्ड स्टोरेज तक पहुंचने में ही देर हो जाती है, कई बार माल खराब भी हो जाता है। लेकिन अब दूसरे जिलों व प्रदेश में भी आसानी से आलू पहुंचाकर बेंच सकेंगे। इससे फायदा होगा। व्यापारी विपिन अग्रवाल ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे के निकट औद्योगिक गलियारे में उद्योग स्थापित होने से व्यापार को रफ्तार मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा इससे विकास को गति मिलेगी और लोगों को सीधे फायदा होगा।
व्यापारी प्रिंस मेहंदीरत्ता ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे से स्थानीय व्यापारियों को खासा लाभ मिलेगा। ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था सुंदर होगी साथ ही बड़े शहरों से व्यापार बढ़ेगा। इससे व्यापारी के साथ आम आदमी को भी काफी फायदा होगा। किसान हरीश ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन होने वाला है,अब तो लगता है हमारी गेहूं की फसल सीधे बड़े शहर तक जाएगी। इससे किसानों को सीधे लाभ होगा।
व्यापारी सलिल गुप्ता ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे से बदायूं पिछड़ापन खत्म होगा उद्योगों और व्यापार को बढ़ावा मिलने से बदायूं विकसित शहरों में शामिल जाएगा। जनपद का बहुत बड़ा हिस्सा एक्सप्रेसवे से गुजर रहा है तो सीधे तौर पर व्यापारियों को व्यापार करने की सुगमता मिलेगी।
व्यापारी अमित ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे लखनऊ, प्रयागराज एवं मेरठ ,दिल्ली की दूरी बहुत कम होने से कम समय में सफर पूरा हो जाएगा। साथ ही एक दिन में व्यापारी अपना व्यापार का कार्य पूर्ण करके वापस आ सकता है। निश्चित तौर पर व्यापारियों के लिए यह मील का पत्थर साबित होगा।