गंगा एक्सप्रेसवे पर यातायात शुरू होने के बाद से वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रात में पूरा एक्सप्रेसवे रोशनी से जगमगाता नजर आ रहा है। फिलहाल अभी टोल टैक्स की वसूली शुरू नहीं हुई है। बदायूं जिले में तीनों इंटरचेज से निर्बाध आवागमन हो रहा है।
बदायूं जिले से होकर गुजर रहा गंगा एक्सप्रेसवे पर इन दिनों रात के समय रोशनी से पूरी तरह जगमगाता नजर आ रहा है। एक्सप्रेसवे पर लगी आधुनिक हाईमास्ट और एलईडी लाइटों की चमक के बीच वाहन चालक तेज रफ्तार से फर्राटा भरते दिखाई दे रहे हैं। दिन के साथ-साथ अब रात में भी इस हाईस्पीड मार्ग पर यातायात बढ़ने लगा है, जिससे लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
विज्ञापन
एक्सप्रेसवे के संचालन के बाद अभी फिलहाल टोल टैक्स की वसूली शुरू नहीं की गई है। यही कारण है कि बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग का उपयोग कर रहे हैं। बदायूं जनपद में बने तीन प्रमुख इंटरचेंज घटपुरी, डहरपुर व वनकोटा से वाहनों का आवागमन सुचारु रूप से जारी है, जिससे आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सीधा और तेज कनेक्टिविटी मिल रही है।
एक्सप्रेसवे से यात्रा हुई आरामदायक
रात के समय एक्सप्रेसवे का नजारा और भी आकर्षक हो जाता है। लंबी-चौड़ी सड़कों पर एक समान रोशनी की व्यवस्था के चलते ड्राइविंग आसान और सुरक्षित महसूस हो रही है। वाहन चालक बिना किसी बाधा के तेज गति से सफर कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि इस एक्सप्रेसवे ने उनके सफर के समय को काफी कम कर दिया है और यात्रा अधिक आरामदायक हो गई है।
विज्ञापन
जगह-जगह पुलिस की तैनाती
सुरक्षा के लिहाज से भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। एक्सप्रेसवे पर जगह-जगह पुलिस की तैनाती की गई है, जबकि पीआरवी लगातार गश्त कर रही हैं। इसके अलावा आपात स्थिति से निपटने के लिए भी त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की घटना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी निगरानी रखी जा रही है, जिससे हर गतिविधि पर नजर बनी हुई है।